Meerut News: मोबाइल गुम होने पर न हों परेशान, मेरठ पुलिस ने 52 लाख के 221 फोन खोजकर लौटाए

Meerut News: मेरठ पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से 52 लाख रुपये कीमत के 221 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे।

Update:2026-11-19 14:35 IST

Meerut News

Meerut News: मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 221 लोगों के चेहरे बृहस्पतिवार को खिल उठे। मेरठ पुलिस ने केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से करीब 52 लाख रुपये कीमत के 221 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटा दिए। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे।

मोबाइल फोन गुम होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया था। इसके तहत जिले के सभी थानों और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमों को मोबाइल फोन की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी अभिसूचना के जरिए गुमशुदा मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें बरामद किया। खास बात यह रही कि पुलिस की टीमें केवल मेरठ तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि दूसरे जिलों और विभिन्न राज्यों तक पहुंचकर मोबाइल फोन खोजने में सफल रहीं।

सर्विलांस सेल सबसे आगे

बरामदगी के मामले में सर्विलांस सेल ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 78 मोबाइल फोन बरामद किए। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने 27 और कंकरखेड़ा पुलिस ने 12 मोबाइल फोन खोजे। लोहियानगर और जानी पुलिस ने आठ-आठ, परतापुर और मुंडाली ने सात-सात तथा लालकुर्ती, मेडिकल और भावनपुर पुलिस ने पांच-पांच मोबाइल बरामद किए।इसके अलावा बहसूमा ने चार, ब्रह्मपुरी, टीपीनगर, सदर बाजार, सिविल लाइन और इंचौली ने चार-चार मोबाइल फोन बरामद किए। मवाना, किठौर, दौराला और अन्य थानों की टीमों ने भी अभियान में योगदान दिया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन्स दीक्षा भौरिया के पर्यवेक्षण में सभी टीमों ने काम किया। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।

Tags:    

Similar News