Meerut: सपा MLA अतुल प्रधान का कलेक्ट्रेट में अनशन शुरू, निजी अस्पतालों के खिलाफ खोला मोर्चा, मौके पर भारी फोर्स तैनात

Meerut News: विधायक के अनशन में विभिन्न संगठनों के तमाम लोग समर्थन देने के लिए जिस तरह से अनशन स्थल पर पहुंच रहे हैं। उससे विधायक और उनके समर्थक काफी खुश व उत्साहित दिख रहे हैं।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2023-12-04 12:31 GMT

 सपा विधायक अतुल प्रधान ने कलेक्ट्रेट में समर्थकों के साथ (Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में न्यूटिमा हॉस्पिटल के खिलाफ सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान ने कलेक्ट्रेट में समर्थकों के साथ आज आमरण अनशन शुरू कर दिया। आमरण अनशन से पहले जैसा कि अतुल प्रधान ने ऐलान किया था उन्होंने साकेत चौराहे से आमरण अनशन स्थल तक पद यात्रा की।

उधर, अनशन शुरू होने से पहले जैसा कि आरोप है कि नगर निगम ने अतुल प्रधान द्वारा लगाए गए सभी बड़े लाउडस्पीकर को उतरवा दिया। खाना बनाने पर भी यहां रोक लगा दी है। विधायक का आरोप है कि कुछ भाजपा नेताओं के इशारे पर निगम अधिकारियों ने बैनर उतरवाए हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

अतुल प्रधान- मानक का उल्लंघन, मरीज से लूट 

इस मौके पर मीडिया से बातचीत में सपा विधायक अतुल प्रधान ने बताया कि, 'गढ़ रोड स्थित न्यूटीमा अस्पताल में हर स्तर पर मानक का उल्लंघन कर मरीज से उपचार के नाम पर लूट की जा रही है। उन्होंने कहा कि केवल यही एक अस्पताल नहीं बल्कि शहर के कई निजी अस्पतालों में मरीज से उपचार के नाम पर लूट की जा रही है। निजी अस्पतालों की गरीब मरीजों के साथ की जाने वाली इस लूट को वह जनप्रतिनिधि होने के नाते बिल्कुल भी सहन नहीं करेंगे। जनता के हित में वह बड़ी से बड़ी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।'

भाकियू ने किया अतुल प्रधान का समर्थन

विधायक के अनशन में विभिन्न संगठनों के तमाम लोग समर्थन देने के लिए जिस तरह से अनशन स्थल पर पहुंच रहे हैं। उससे विधायक और उनके समर्थक काफी खुश व उत्साहित दिख रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन इंडिया ने भी अतुल प्रधान को समर्थन देने की बात कही है। संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष संदीप तितौरिया ने कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर वह और उनका पूरी तरह से सपा विधायक के साथ हैं। सपा जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी का कहना है कि इस आमरण अनशन में अतुल प्रधान अकेले नहीं हैं। बल्कि पूरी सपा उनके साथ है।

क्या है मामला?

आपको बता दें कि, दौराला क्षेत्र के मवीमीरा गांव निवासी जितेंद्र की नवजात पुत्री सोनम का गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा हॉस्पिटल में कई दिनों तक इलाज चला था। 7 नवंबर को डॉक्टर ने उसकी छुट्टी कर दी थी। इलाज के बिल को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच विवाद हो गया। परिजनों का आरोप था कि उन्हें 5 लाख का बिल थमा दिया गया। परिजनों की शिकायत पर समर्थकों के साथ न्यूटिमा हॉस्पिटल पहुंचे। आरोप है कि बिल की रकम को लेकर सपा विधायक अतुल प्रधान और उनके समर्थकों ने डॉक्टरों के साथ अभद्रता कर मारपीट की। जिसके बाद न्यूटिमा हॉस्पिटल प्रबंधन की तरफ से अतुल प्रधान समेत 409 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया।

तब से ही अतुल प्रधान और डॉक्टरों के बीच विवाद चला आ रहा है। इसी बीच विधायक पर दर्ज मुकदमें में विवेचक ने पहले एफआर लगा दी। हालांकि बाद डाक्टरोंके विरोध पर पुलिस ने केस डायरी को रोक कर पर्चे निरस्त किये और विधायक के खिलाफ चार्जशीट तैयार की।

Tags:    

Similar News