Meerut News: मेरठ का कुख्यात अपराधी जिलाबदर, अब बिन दूल्हा होगा वलीमा, दुल्हन रहेगी मौजूद

Meerut News: थाना प्रभारी ने कहा कि उन्हें सलमान के निकाह के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, सलमान के भाई आमिर ने न्यूज़ट्रैक को बताया कि शुक्रवार रात सलमान का निकाह हो गया।;

Report :  Sushil Kumar
Update:2024-11-23 15:34 IST
Meerut News ( Pic- News Track)

Meerut News ( Pic- News Track)

  • whatsapp icon

Meerut News: ‌जिला बदर किए गए कुख्यात बदमाश सलमान का मेरठ से सटे बुलंदशहर के कस्बे सिकंदराबाद में निकाह हो गया है। हालांकि सिकंदराबाद पुलिस ने सलमान के निकाह को लेकर अनभिज्ञ जताई है। सिकंदराबाद थाना प्रभारी रवि रतन सिंह ने न्यूज़ट्रैक के साथ बातचीत में सलमान के निकाह के बारे में अनभिज्ञता जताई है।

थाना प्रभारी ने कहा कि उन्हें सलमान के निकाह के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, सलमान के भाई आमिर ने न्यूज़ट्रैक को बताया कि शुक्रवार रात सलमान का निकाह हो गया। 26 नवंबर को मेरठ के कैसल व्यू मंडप में सलमान का वलीमा होना है। उन्होंने बताया कि जिला बदर होने के कारण वलीमा सलमान की अनुपस्थिति में होगा। यानी, सलमान वलीमा में नहीं आएगा। जहां तक सवाल सलमान की नई नवेली दुल्हन जेबा का है तो उसके मायके के लोग उसे लेकर वलीमा में पहुंचेंगे।

आमिर ने बताया कि उसके घर पर गुरुवार को पुलिस-प्रशासनिक टीम आई थी। टीम ने उन्हें नोटिस देते हुए बताया कि सलमान को जिला बदर कर दिया है। आरोप लगाया कि आज से पहले इस संबंध में कोई भी नोटिस प्रशासनिक अफसरों की ओर से नहीं दिया गया। ऐसा होता तो अपनी बात कोर्ट के सामने रख सकते थे। अब अचानक से कार्रवाई कर दी। उसने बताया कि सलमान दिल्ली में है और क्रॉकरी का काम कर रहा है। पिछले पांच साल में सलमान पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।

बता दें कि इस्माईल नगर निवासी सलमान पर एडीएम सिटी ने पहले गुंडा एक्ट की कार्रवाई की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस ने इसका नोटिस उसके घर पर चस्पा कर दिया था। सलमान छह माह पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। इसके बाद से वह दिल्ली शिफ्ट हो गया। निकाह से एक दिन पहले सलमान को जिला बदर कर दिया गया।

जिला बदर का नोटिस चस्पा होने के बाद परिवार के लोगों ने सलमान को चुपके से निकाल दिया, जो शादी से एक दिन पहले ही सिकंदराबाद दुल्हन के घर पर पहुंच गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम वर्दी और सिविल ड्रेस में वलीमा कार्यक्रम और सलमान की गतिविधियों की निगरानी करेगी। सलमान यदि मेरठ आया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News