Meerut News: दिनदहाड़े ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों की गोली मार कर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

Meerut News: जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर हस्तिनापुर के कस्बा में सैफपुर कर्मचंदपुर तिराहे पर ई रिक्शा में सवार दो लोगो की गोली मार कर हत्या कर दी गई।

Update: 2023-07-23 15:33 GMT

Meerut News: जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर हस्तिनापुर के कस्बा में सैफपुर कर्मचंदपुर तिराहे पर ई रिक्शा में सवार दो लोगो की गोली मार कर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर हमलावर जो कि एक बाइक पर सवार थे, मौके से फरार हो गए। रविवार शाम हुई दोहरे हत्याकांड की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण समेत तमाम वरिष्ठ पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरु कर दी है। लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है। मामले की जांच की जा रही है।

आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनो ने घटना में स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंची मवाना बहसूमा सहित अन्य कई थानों की पुलिस ने गुस्साये परिजनो को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त अरविंद उर्फ कालू निवासी पाली निवासी व सुरेंद्र पुत्र सुरेश के रुप में की है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के अन्तर्गत एक ई-रिक्शा चालक जिसका नाम सुरेन्द्र(40) है कहीं जा रहा था। ई-रिक्शा में एक युवक जिसका नाम अरविंद(22) है भी बैठा था। इनके ऊपर रास्ते में तीन चार युवकों द्वारा गोली चलाई गई। खून से लथपथ दोनो को पुलिस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनकी बताया जा रहा है कि मृत्यु हो गई है।

इस वजह से चली गोली

एसएसपी के अनुसार इस पूरे प्रकरण में मृतक अरविंद के भाई व परिजनों ने पुलिस को बताया है कि गीता नाम की एक महिला की शादी 2002 में गांव के ही आदमी से शादी हुई थी। 2020 में गीता के आदमी की मृत्यु हुई थी। पति की मौत के बाद गीता ने आज की घटना में मारे गये युवक अरविंद के साथ 2021 में कोर्ट मैरिज कर ली थी। जिसके बाद से दोनो गांव में ही अलग से रह रहे थे। इस पर महिला के जेठ और जेठ के लड़के और अन्य ससुराल वालों द्वारा आपत्ति की जा रही थी।

इसके साथ-साथ महिला के लड़के जो कि अपने मामा के पास रह रहे हैं उनके द्वारा भी आपत्ति की जा रही थी। महिला के द्वारा व मृतक के भाई द्वारा बताया गया कि इसी विवाद में आज हमला किया गया है। जिसमें अरविंद के साथ ही ई-रिक्शाचालक की भी मौत हुई है। एसएसपी के अनुसार घटना के संबंध में मृतक के भाई द्वारा महिला के जेठ के लड़कों और महिला के लड़कों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।

Tags:    

Similar News