Meerut News: सुबह का उजाला लेकर आया मौत का अंधेरा, दूध लेने गई महिला की गोली मारकर हत्या

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के थाना टीपीनगर क्षेत्र में आज सुबह महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Update: 2023-06-07 11:32 GMT

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के थाना टीपीनगर क्षेत्र में आज सुबह महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हमलावर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हमलावर कितने थे, इसका अभी पता नहीं चल सका है। लेकिन समाचार लिखे जाने समय तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका था।

घर के बाहर बदमाशों ने मार दी गोली

नगर पुलिस अधीक्षक पीयूष कुमार सिंह के अनुसार मृतक महिला का नाम अंजली गर्ग है। घटना के समय महिला दूध लेकर घर लौट रही थी। जैसे ही घर पहुंची, उसके घर के बाहर पहले से घात लगाए खड़े बदमाशों ने उसे गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना की वजह पारिवारिक रंजिश सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि अंजली गर्ग का अपने पति नितिन गर्ग से काफी अर्से से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते महिला अपने पति से अलग थाना टीपी नगर क्षेत्र के न्यू मेवला कॉलोनी में रह रही थी। यह भी पता चला है कि जिस मकान में महिला रह रही है, उसको लेकर भी उसका मकान की कब्जेदारी और हिस्सेदारी को लेकर ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। इसका भी मुकदमा अदालत में विचाराधीन हैं।

ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी

नगर पुलिस अधीक्षक के अनुसार मृतका के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मृतका के मायके वालों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल,हमलावरों का पता लगाने के लिए घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही हमलावरों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Tags:    

Similar News