Mirzapur News: ऑस्कर अवार्ड विजेता "स्माइल पिंकी" का आवास नहीं तोड़ा जाएगा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने डीएम से की बात

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में चुनार तहसील का रामपुर ढबही ग्राम स्माइल पिंकी के घर को वन विभाग ने अवैध ठहराया था लेकिन केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने डीएम प्रियंका निरंजन से बात कर नोटिस रद्द करने की बात की।

Report :  Brijendra Dubey
Update: 2023-09-30 10:08 GMT

ऑस्कर अवार्ड विजेता "स्माइल पिंकी" का आवास नहीं तोड़ा जाएगा, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने डीएम से की बात: Photo- Social Media

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में चुनार तहसील का रामपुर ढबही ग्राम स्माइल पिंकी के घर को वन विभाग ने अवैध ठहराया था लेकिन केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने डीएम प्रियंका निरंजन से बात कर नोटिस रद्द करने की बात की। जिसकी जानकारी अनुप्रिया पटेल की तरफ से प्रेस नोट जारी कर बताया है. अनुप्रिया पटेल ने डीएम से स्माइल पिंकी के आवास को नही तोड़े जाने के लिए ग्राम समाज की जमीन वन विभाग को देने का निर्देश दिया है. पिंकी का कहना है जब ऑस्कर मिला था तब प्रशासन के लोग ही घर बनवाए थे, आज गिराने और हटाने की बात कह रहे है।

जानिए क्या है पूरा मामला कौन है स्माइल पिंकी

वर्ष 2008 में 'स्माइल पिंकी' को ऑस्कर पुरस्कार मिला था। विश्व की सुर्खियों में चुनार तहसील का रामपुर ढबही ग्राम आया था। सच्ची कहानी पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री चलचित्र को अमरीका की मेगान मायलन ने बनाया था। उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर की पिंकी के असली जीवन पर बनाई गई स्माइल पिंकी को छोटे विषय पर वृत्तचित्र वर्ग में सर्वश्रेष्ठ ऑस्कर मिला था। पिंकी भारत के उन कई हज़ार बच्चों में से है जिनके होंठ कटे होने के कारण उन्हें सामाजिक तिरस्कार का सामना करना पड़ता है। पिंकी का एक स्वयंसेवी संगठन ने इलाज करवाया और उसकी जिंदगी बदल गई।

क़रीब 39 मिनट के इस वृतचित्र में दिखाने की कोशिश की गई है कि किस तरह एक छोटी सी समस्या से किसी बच्चे पर क्या असर पड़ता है और ऑपरेशन के बाद ठीक हो जाने पर बच्चे की मनोदशा कितनी बेहतरीन हो जाती है। वन विभाग के द्वारा पिंकी के घर के साथ कई ग्रामीणों के घरों को अवैध बताते हुए भेजे गए नोटिस से परेशान होकर सभी जिला मुख्यालय पहुंच कर न्याय की गुहार जिलाधिकारी से लगा रहे है। पिंकी का कहना है जब ऑस्कर मिला था तब प्रशासन के लोग ही घर बनवाए थे, आज गिराने और हटाने की बात कह रहे है ।

पिंकी की सर्जरी डॉक्टर सुबोध कुमार सिंह ने किया था। डॉक्टरसुबोध कुमार सिंह स्माइल ट्रेन नाम की अंतरराष्ट्रीय संस्था के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में काम करते हैं। आज उसी पिंकी के घर को वन विभाग अवैध बता रहा है जिसे तब प्रशासन ने खुद बनवाकर वाहवाही लूटा था।

डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा

वन विभाग ने नोटिस भेजकर 26 सितंबर तक जवाब मांगा था। आज जिला मुख्यालय पहुंच कर पिंकी उसके पिता और ग्रामीणों ने न्याय की मांग किए हैं। इस पूरे प्रकरण पर जिलाधिकारी का कहना है कि राजस्व और वन विभाग की टीम गठित कर मामले का विवाद समाधान कर न्याय पूर्ण कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।

सांसद ने डीएम से बात कर बीच का रास्ता निकलने को बोला

केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री एवं जनपद सांसद अनुप्रिया पटेल ने आस्कर अवार्ड विजेता स्माइल पिंकी के आवास मामले में जनपद की डीएम प्रियंका निरंजन से बात की हैं। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने डीएम से स्माइल पिंकी के ग्राम रामपुर ढबही स्थित आवास को न तोड़े जाने का निर्देश दिया है। इस मामले में डीएम प्रियंका निरंजन ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को आश्वासन दिया है कि स्माइल पिंकी के परिवार को संबंधित स्थल से नहीं हटाया जाएगा। डीएम ने यह भी कहा है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो स्माइल पिंकी के आवास को बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा वन विभाग को आवासी भूमि के बदले सरकारी भूमि देगा।

Tags:    

Similar News