Murder in Noida: लड़की ने खुद को मरा साबित करने के लिए 'दूसरी' का किया कत्ल,..नहीं छुप सकी होशियारी, ऐसे खुला राज

Murder in Noida: यूपी पुलिस ने एक ऐसे हत्याकांड से पर्दा उठाया है जिसमें एक प्रेमी युगल ने एक बेगुनाह की हत्या कर दी। ये हत्या प्रेमिका की पहचान छुपाने के लिए की गई।

Written By :  aman
Update: 2022-12-01 10:41 GMT

हेमलता की हत्या आरोपी पायल (Social Media)

Noida Crime News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गौतमबुद्ध नगर जिले में हत्या और साजिश की एक ऐसी कहानी सामने आई, जिसने सुना वो दंग रह गया। ऐसी कहानियां अक्सर आपको फिल्मों या क्राइम थ्रिलर धारावाहिकों में देखने-सुनने को मिलती है। दरअसल, बिसरख की एक लड़की ने खुद को मरा साबित करने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिल इस साजिश को अंजाम दिया। जिसमें प्रेमी युगल ने एक अन्य लड़की का कत्ल किया, ताकि उसकी जगह खुद को मरा साबित कर सके। दो प्रेमियों की इस साजिश में एक बेगुनाह लड़की की जान चली गई।

यूपी पुलिस ने इस खूनी खेल से पर्दा उठाया। जांच के बाद पुलिस ने प्रेमी युगल के खूनी खेल का रहस्योद्घाटन किया। बताया कि, कैसे एक लड़की ने खुद को मरा साबित करने के लिए एक बेगुनाह की जान ले ली। लेकिन, उसकी होशियारी काम नहीं आई। हत्या के बाद मृतका को अपनी पहचान देने के लिए आरोपी लड़की ने उसे अपने कपड़े पहना दिए। साथ ही, चेहरे को भी खुर्द-बुर्द कर दिया, ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके।     

क्या है मामला?

नोएडा के बिसरख में कत्ल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बेटी ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए खूनी साजिश रची। पहले लड़की ने सोशल मीडिया के जरिए एक लड़के को प्रेम-प्रसंग में फंसाया। फिर अपनी कद-काठी की एक अन्य लड़की का बेरहमी से कत्ल किया। लेकिन, उसके खूनी इरादे यहीं नहीं थमे। उसने लड़की की पहचान मिटा कर एक ऐसा काम करने का प्रयास किया जिसे सुनकर यूपी पुलिस भी हैरान रह गई।

इस खूनी खेल की शातिर अपराधी का नाम पायल है। कुछ समय पहले उसके पिता की हत्या हो गई थी। तभी से वो अपने पिता की मौत का बदला लेना चाहती थी। इसी कड़ी में उसने एक खतरनाक साजिश रची। पायल ने सबसे पहले सोशल मीडिया के जरिये अजय नाम के एक युवक से दोस्ती की। फिर उसने लड़के को प्रेम जाल में फंसाया। अजय भी अब पूरी तरह पायल के प्यार में पड़ चुका था। अजय की दीवानगी इस हद तक थी कि वो उसके लिए कुछ भी करने को तैयार था। लिहाजा पायल ने उसे अपने जैसी एक लड़की का इंतजाम करने को कहा। जब उसी कद-काठी की लड़की मिल गई तो पायल ने अजय के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। लड़की की मौत के बाद पायल ने तेजाब से उसका चेहरा जला दिया। ताकि कोई उसकी शिनाख्त ना कर सके।

परिवार ने पायल का किया अंतिम संस्कार  

पायल ने मृत लड़की की लाश को अपने कपड़े पहना दिए। लाश को ऐसी जगह फेंका कि जहां वो गुजरने वाले लोगों की निगाह में आ जाए। दूसरी तरफ, पायल के गायब होने से घर वाले परेशान थे। उन्होंने यूपी पुलिस की मदद ली। पुलिस ने अज्ञात लड़की के शव को जब पायल के घरवालों को दिखाया तो उन्होंने भी शिनाख्त कर ली। लिहाजा पायल के घरवालों ने उसे पायल समझ अंतिम संस्कार कर दिया।

पुलिस ने पायल समेत 4 को दबोचा 

मगर, कहानी में अभी ट्विस्ट आना बाकी था। बात यहीं खत्म नहीं हुई। जिस लड़की का पायल और अजय ने खून किया था अब उसके परिवार वाले बिसरख थाना पहुंचे। मरने वाली लड़की का नाम हेमलता बताया जाता है। पुलिस ने अब हेमलता की तफ्तीश शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस पायल तक जा पहुंची और सारा मामला खुल गया। पुलिस ने पायल और अजय समेत चार लोगों को हेमलता की हत्या मामले में गिरफ्तार किया है। मामले की छानबीन जारी है।

Tags:    

Similar News