Mainpuri By-Elections 2022: मैनपुरी में राजभर ने भी उतारा कैंडिडेट, बोले- अखिलेश का दिया 'तलाक' हमें कुबूल है

Mainpuri By-Elections 2022 : सुभासपा मैनपुरी उप चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया है। रमाकांत कश्यप को पार्टी ने प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा है।

Written By :  aman
Update: 2022-11-09 13:44 GMT

ओम प्रकाश राजभर (Social Media)

Mainpuri By-Elections 2022 : मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव को दिलचस्प बनाने में पार्टियां कोई कसर नहीं छोड़ रही। यूपी की राजनीति में अपनी अहम हिस्सेदारी रखने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (Suheldev Bharatiya Samaj Party) ने बुधवार को मैनपुरी सीट से अपना प्रत्याशी उतारने की घोषणा कर दी है। सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने मैनपुरी उप चुनाव में रमाकांत कश्यप (Ramakant Kashyap) को प्रत्याशी के तौर पर उतारा है। रमाकांत कश्यप इटावा के निवासी हैं।

ओम प्रकाश राजभर आज मैनपुरी में थे। सुभासपा अध्यक्ष किशनी क्षेत्र के गांव खिदरपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बात की। पत्रकार वार्ता में राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर जमकर तीर चलाए। राजभर ने कहा, अखिलेश ने 'तलाक' दिया, जो उन्होंने 'कुबूल' कर लिया। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल में वर्चस्व की लड़ाई है। इसी दौरान आजम खान से जुड़े एक सवाल के जवाब में राजभर बोले, सपा नेता की विधानसभा की सदस्यता नियम के तहत कार्रवाई हुई है।

'बच्चों को मिले समान शिक्षा, जातिगत जनगणना भी जरूरी'

सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर ने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश के के कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठन की मजबूती पर काम कर रही है। इसी के तहत सुभासपा ने 'सावधान यात्रा' निकाली थी। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी की मांग है कि अमीरों की तरह गरीबों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। देश में एक संविधान होने के बावजूद एक समान शिक्षा नहीं मिल पा रही है। शिक्षा में समानता जरूरी है। राजभर ने राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए जातिगत जनगणना पर बल दिया।

निकाय चुनाव में सभी सीटों पर उतारेंगे प्रत्याशी

राजभर ने ये भी कहा, कि उनकी पार्टी गरीब, शोषित और वंचितों को न्याय दिलाने की लड़ाई अनवरत जारी रखेगी। उन्होंने सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सुभासपा की लड़ाई आगे भी जारी रखने की बात दोहरायी। राजभर ने कहा, यूपी में होने वाले निकाय चुनाव में पार्टी सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। 

मैनपुरी में 5 दिसंबर को मतदान

चुनाव आयोग ने देश के विभिन्न राज्यों में खाली हुई लोकसभा और विधानसभा सीटों के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सीटों पर 5 दिसंबर को मतदान होंगे, जबकि, 8 दिसंबर को गुजरात और हिमाचल प्रदेश के साथ ही मतगणना होगी। मैनपुरी सीट पर भी इन्हीं तारीखों को वोटिंग और काउंटिंग होगी। सपा संस्थापक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट खाली हुई है।

Tags:    

Similar News