Bulandshahr News: बुलंदशहर में सपा का जोरदार प्रदर्शन, दिनेश गुर्जर ने कहा- 2022 में बनेगी सपा की सरकार
Bulandshahr News: दिनेश गुर्जर ने दावा किया कि 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।;
ज्ञापन देते सपा नेता (फोटो: सोशल मीडिया)
Bulandshahr News: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में पंचायत चुनाव में धांधली और बढ़ती हुई महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बुलंदशहर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में बीजेपी सरकार में बढ़ती महंगाई, किसान, मजदूर, मजलूमों, पर हो रहे जुल्मों के खिलाफ धरना प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गुर्जर शामिल हुए।
इसे मौके पर उनके साथ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष छोटे भाई, राहुल यादव, पूर्व मंत्री अब्दुल रब साहब, हामिद अली, कासिम भाई, प्रेमवीर यादव और अमित शर्मा (समाजसेवी) एवं समाजवादी महिला सभा रीता आर्या समेत कई नेता पहुंचे।
सुबह ही सपा के कार्यकर्ता इकट्ठा होकर बुलंदशहर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए। जहां पर बीजेपी सरकार में बढ़ती महंगाई, किसान, मजदूर, मजलूमों, पर हो रहे जुल्मों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कहा कि बीजेपी की सरकार में किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने बीजेपी सरकार से मांग करते हुए कहा कि किसानों को फसलों का सही और एमएसपी की गारंटी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को नए कृषि कानूनों को तुरंत वापस लेना चाहिए।
उन्होंने सवाल पूछा कि जब किसान नए कृषि कानून को नहीं चाह रहे हैं, तो सरकार उनके ऊपर यह कानून जबरन क्यों थोप रही है। उन्होंने कहा कि इस समय बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान है। पेट्रोल-डीजल से लेकर हर जरूरी वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं। सरकार को महंगाई को रोकने के लिए तुरंत उपाय करने चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश गुर्जर ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोक पाने में बीजेपी सरकार विफल रही। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष तथा ब्लाक प्रमुख के चुनाव में सरकार के इशारे पर सत्ता का दुरुपयोग किया गया तथा बड़े पैमाने पर हिंसा कराई गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या की है। प्रदेश की जनता 2022 के विधानसभा में बीजेपी को सबक सिखाएगी। उन्होंने दावा किया कि 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।