Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने भुवनेश्वर में जीता गोल्ड मेडल, वीसी ने दी बधाई

Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल किया।

Written By :  Durgesh Sharma
Update: 2022-12-22 13:41 GMT

Ayodhya News (Newstrack)

Ayodhya News: डॉ.राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल किया। के.आई.आई.टी. विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित लंबी कूद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी ऋषभ ऋषिवर ने 7.72 मीटर छलांग लगाकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। वहीं भाला फेंक प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्र ऋषभ नेहरा ने 77.38 मीटर की दूरी पर भाला फेंक कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।

दूसरी ओर हाफ मैराथन महिला में ममता राजभर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। खिलाडियों के शानदार प्रदर्शन पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने बधाई दी।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा खेल सुविधाओं में बढ़ावा दिया जायेगा। इसके साथ ही विजेताओं खिलाड़ियों को सम्मानित किया जायेगा।

विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने दी बधाई

विवि क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. जसवंत सिंह ने खिलाड़ियों के शानदार खेल प्रदर्शन पर बधाई दी। क्रीड़ा सचिव प्रो. आशीष प्रताप सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में अभी और पदक मिलने की उम्मीद है।

इन्हें खेल से जुडे हर संभव सुविधा मुहैया कराई जायेगी। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ला, मुख्य कुलानुसाशक प्रो. अजय प्रताप सिंह, कुलसचिव उमानाथ सहित सभी खेल प्रेमियों ने खिलाडियों को बधाई दी।

गणित एवं सांख्यिकी विभाग में मनाया गया रामानुजम का जन्मदिवस

अवध विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग में गुरूवार को श्रीनिवास रामानुजन के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय गणित दिवस-2022 का आयोजन किया गया। इसके साथ ही छात्रों के बीच क्विज व ओरल के प्रतियोगिता के साथ रामानुजम पर बनी फिल्म दिखाई गई।

कार्यक्रम में बतौर वक्ता विभागाध्यक्ष प्रो0 संत शरण मिश्र ने छात्रों से कहा कि आज के दिन को गणित की विलक्षण प्रतिभा को याद करते हुये श्रीनिवास रामानुजन को सम्मान देना पूरे भारतीय मनीषा का एक नैतिक दायित्व है।

उन्होंने रामानुजम के जीवन वृति एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणित के बिना, ब्रह्मांड के समग्रता का ज्ञान अधूरा है और इसके बिना ब्रह्मांड की किसी भी घटना का सम्पूर्ण ज्ञान सम्भव नहीं है।

श्री निवास रामानुजन ने गणित के स्वरूप को ईश्वर की अभिव्यक्ति के रूप में ग्रहण किया। उनके अनुसार गणित के अध्यन्न से भौतिक जीवन में सकारात्मक रूपान्तरण के साथ-साथ व्यक्ति की आध्यात्मिक चेतना का भी विकास होता है।

रामानुजम के जन्मदिवस पर छात्रों के बीच क्विज व ओरल प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

दूसरी ओर विभाग के छात्रों के बीच क्विज और ओरल प्रतियोगिता आयोजित की गई। ओरल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शोधार्थी ललित कुमार ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान श्रद्धा पटेल व कहकशा परवेज मिला।

वहीं गौरव यादव, सीरत ईमान, अनूप मिश्रा, साक्षी वर्मा, हिटलर तिवारी सहित अन्य विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार रजत सिंह, सूरज तिवारी, राम सानूप को मिला। द्वितीय पुरस्कार आकांक्षा सिंह को दिया गया।

Tags:    

Similar News