वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्र की मां का निधन, मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने शोक जताया

देश के जाने माने पत्रकार योगेश मिश्र की माताजी श्रीमती उमा मिश्रा का आज स्थानीय अस्पताल में निधन हो गया।

Update: 2021-05-25 16:35 GMT

वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्र की माता उमा मिश्रा 

लखनऊ। देश के प्रमुख पोर्टल 'न्यूजट्रैक' व राष्ट्रीय साप्ताहिक 'अपना भारत' समाचार पत्र के सम्पादक एवं देश के जाने माने पत्रकार योगेश मिश्र की माताजी श्रीमती उमा मिश्रा का आज स्थानीय अस्पताल में निधन हो गया। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनकी उम्र लगभग 75 वर्ष थी। श्रीमती उमा मिश्रा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष हदयनारायण दीक्षित, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई दलों के नेताओं तथा पत्रकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकसंतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

विधानसभा अध्यक्ष हदयनारायण दीक्षित ने वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्र की माताजी के निधन का समाचार सुनकर अपना गहरा दुख व्यक्त किया है। दीक्षित ने कहा कि उनकी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह पुण्यात्मा को चिर शांति व शोक संतप्त परिवार को यह दारुण दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा है कि वरिष्ठ पत्रकार और 'न्यूज़ट्रैक' के प्रधान संपादक योगेश मिश्र की माता जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शान्ति: शान्ति:।

योगेश मिश्र की मां पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं पिछले दिनों तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह वेंटिलेटर पर थीं। आज सुबह उनका निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि अयोध्या में सरयू तट पर शोकाकुल परिजनों की मौजूदगी में हुई। योगेश मिश्र ने अश्रुपूरित नेत्रों से मां को अंतिम विदाई दी। इस मौके पर अयोध्या जिले के गोसाईगंज क्षेत्र से भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी व अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

बेटे व वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्र, उनकी धर्मपत्नी नीलम मिश्रा, पौत्र आशीष मिश्र व पौत्री चारू के साथ श्रीमती उमा मिश्रा

श्रीमती उमा मिश्र के पति स्वर्गीय प्रेमचंद्र मिश्र वैसे तो आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पर भारतीय रंगमंच के क्षेत्र में उन्होंने काफ़ी नाम कमाया था। आकाशवाणी के वह अच्छे कलाकार रहे। उनका चयन हिंदी भारतीय फ़िल्मों के लिए भी हुआ था। पर सेना की अपनी पहली नौकरी छोड़ कर फ़िल्मी दुनिया में जाने को तैयार नहीं हुए। रंगमंच व सेना में उनके उल्लेखनीय योगदान के चलते ही राज्य सरकार ने कुशीनगर ज़िले के पिपरा बाज़ार से विशुनपुरा तक की तक़रीब छह किलोमीटर लंबी सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया। इनकी पांच पुत्रियां व एक पुत्र हैं। एक पुत्री की बीते 28 मई को कोरोना से निधन हो गया था।

पुत्रवधु नीलम मिश्रा व पौत्री चारू के साथ स्वर्गीय उमा मिश्रा

इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के अलावा कई अन्य भाजपा नेताओं ने उमा मिश्रा के निधन पर अपनी शोकसंवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भी वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्र की माता श्रीमती उमा मिश्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों के इस असह्य दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

पौत्री चारू को दुलारती श्रीमती उमा मिश्रा

उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी तथा सचिव शिवसरण सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं अपना भारत/न्यूजट्रैक के कार्यालय में एक शोकसभा हुई जिसमें सभी कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। 

Tags:    

Similar News