President In Varanasi: राष्ट्रपति मुर्मू का काशी दौरा आज, गंगा आरती में दिखेगा देव दीपावली जैसा नजारा

President In Varanasi: राष्ट्रपति मुर्मू का काशी में कालभैरव मंदिर के साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-13 04:58 GMT

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (photo: social media )

President In Varanasi: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के काशी दौरे के मद्देनजर आज जोरदार तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रपति पद की कमान संभालने के बाद मुर्मू का यह पहला काशी दौरा है और उनके दौरे के मद्देनजर काशी को खूब सजाया गया है। उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे के तहत राष्ट्रपति मुर्मू आज लखनऊ से दोपहर बाद करीब तीन बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति के काशी दौरे पर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रपति मुर्मू का काशी में कालभैरव मंदिर के साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के स्वागत में काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश द्वार से गर्भगृह तक रेड कारपेट बिछाया गया है। बाबा के धाम से निकलने के बाद राष्ट्रपति दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के आने के कारण आज की गंगा आरती बेहद खास होगी। गंगा किनारे देव दीपावली जैसा नजारा दिखेगा। घाट को फूल-मालाओं से सजाया गया है और घाट का कोना-कोना दीपों से जगमग होगा।

राष्ट्रपति के स्वागत में सज गई काशी

राष्ट्रपति मुर्मू का काशी में करीब चार घंटे तक रहने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के स्वागत में काशी सरकार पूरी तरह तैयार हो गई है। राष्ट्रपति के भव्य स्वागत के लिए जोरदार तैयारियां की गई हैं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में राष्ट्रपति का जोरदार स्वागत किया जाएगा। ज्ञानवापी मार्ग से बाबा के गर्भगृह तक डमरु की निनाद,शंख ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से राष्ट्रपति के स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

बाबा विश्वनाथ का पूरे विधिविधान से पूजन दर्शन-पूजन करने के बाद राष्ट्रपति दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल होने के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति मां गंगा की आरती उतारने के साथ षोडशोपचार पूजन करके देशवासियों के कल्याण की कामना करेंगी।

घाट पर भव्य सजावट की व्यवस्था

श्री काशी विश्वनाथ धाम में राष्ट्रपति के स्वागत के लिए प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक रेड कारपेट बिछाया गया है। गंगा आरती के दौरान आज दशाश्वमेध घाट पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। पूरा घाट आज घंटा-घड़ियाल से गूंजेगा। गंगा सेवा निधि के नौ अर्चक आरती उतारेंगे और इस दौरान 21 कन्याएं मां गंगा को चंवर डुलाएंगी।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर घाट पर दीपों से भव्य सजावट का इंतजाम भी किया गया है। इसके साथ ही पूरे घाट को फूल-मालाओं से खूबसूरती से सजाया गया है। राष्ट्रपति मुर्मू मंच पर बैठकर मां गंगा की आरती देखेंगी। इसके लिए घाट पर विशेष मंच बनाया गया है।

गंगा में नौकायन पर लगा प्रतिबंध

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सोमवार को दोपहर बारह बजे से गंगा आरती के समाप्त होने तक गंगा के 84 घाटों और उसके आसपास नौकायन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। दशाश्वमेध घाट पर राष्ट्रपति के मंच से लेकर गंगा में 20 मीटर तक आम लोग नावों पर बैठकर कार्यक्रम का नजारा नहीं ले पाएंगे।

इस दायरे में जल पुलिस, पीएसी और एनडीआरएफ के जवानों की तैनाती की गई है। 20 मीटर के दायरे से बाहर नावों पर बैठकर गंगा आरती का नजारा देखा जा सकता है। राष्ट्रपति की सुरक्षा के मद्देनजर हर नाव पर पुलिस और एलआईयू कर्मियों की तैनाती भी की गई है।

यातायात व्यवस्था में किया गया बदलाव

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सोमवार को पूरे शहर में की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। दोपहर बारह बजे से शाम सात बजे तक शहर के विभिन्न स्थानों पर रूट डायवर्जन रहेगा। इस दौरान एंबुलेंस और शव वाहनों को यातायात प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। मैदागिन चौराहे से गोदौलिया चौराहे की ओर वाहनों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इसके साथ ही रामापुरा चौराहे से गोदौलिया चौराहे और रामापुर चौराहे से बेनिया तिराहे की तरफ भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट तक का पूरा क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहेगा। शाम करीब 7:15 बजे राष्ट्रपति के दिल्ली लौटने के बाद यातायात प्रतिबंधों में ढील दी जाएगी।

Tags:    

Similar News