Priyanka Gandhi Varanasi Mein : बाबा विश्वनाथ-मां दुर्गा का आशीर्वाद लेकर योगी सरकार पर हमला बोलेंगी प्रियंका

Priyanka Gandhi Varanasi Mein : विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने में जुटी प्रियंका गांधी का रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश वाराणसी में पहला कार्यक्रम है।

Written By :  Akhilesh Tiwari
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2021-10-09 16:45 GMT

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (फोटो- सोशल मीडिया)

Priyanka Gandhi Varanasi Mein : नवरात्र के पांचवें दिन वाराणसी पहुंच रही कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अपनी जनसभा में योगी सरकार पर हमला बोलने से पहले बाबा विश्वनाथ और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गढ़ में प्रियंका गांधी के भाषण पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं।

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने में जुटी प्रियंका गांधी का रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहला कार्यक्रम है। कांग्रेस ने अपनी इस रैली का कार्यक्रम हालांकि पिछले महीने ही तय कर दिया था । लेकिन लखीमपुर खीरी कांड के बाद यह पहला मौका है , जब प्रियंका गांधी किसी जनसभा को संबोधित करेंगी।

योगी सरकार पर साधा निशाना 

लखीमपुर कांड के दौरान प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। एक दिन पहले उन्होंने लखनऊ की वाल्मीकि बस्ती में झाड़ू लगाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने प्रियंका गांधी के झाड़ू लगाने का मजाक बनाया था।

​प्रियंका ने मुख्यमंत्री के बयान को दलित विरोधी मानसिकता का बयान बताते हुए शनिवार को पूरे प्रदेश में वाल्मीकि मंदिरों में सफाई और झाड़ू लगाने का कार्यक्रम देकर योगी सरकार को घेरने की कोशिश की है।

लखीमपुर कांड (Lakhimpur Kheri Violence) से हमलावर दिख रही प्रियंका गांधी ने अपना वाराणसी दौरा ( Priyanka Gandhi Ka Varanasi Daura ) फाइनल करने में भी राजनीतिक समझदारी दिखाई है। भाजपा (BJP) की ओर से कांग्रेस पर मुस्लिम परस्त राजनीति का आरोप लगाया जाता है। प्रियंका गांधी का वाराणसी दौरा नवरात्र में हो रहा है।


नवरात्र के पहले दिन उन्होंने लखनऊ (Lucknow Mein Mari Mata Ka Mandir) में मरी माता मंदिर पहुंचकर माथा टेका है। इस मंदिर को काली देवी मंदिर और घंटी वाली देवी मंदिर भी कहा जाता है। अब नवरात्र के पांचवें दिन जब वह वाराणसी पहुंचेंगी, तो सबसे पहले काशीपति भगवान भोलेशंकर विश्वनाथ के दरबार (Vishwanath Temple) में पूजा-अर्चना करेंगी।

यहां से निकलकर वह सीधे वहां के दूसरे प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर पहुंचेंगी। दोपहर सवा बारह बजे इस मंदिर में पूजा करने के बाद वह सीधे रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचेंगी, जहां कांग्रेस की रैली का आयोजन किया गया है।

लखीमपुर कांड और योगी सरकार पर क्या बोलेंगी प्रियंका

लखीमपुर कांड में प्रियंका गांधी ने जिस तरह सत्याग्रह की राजनीति कर पूरे देश का ध्यान इस ओर खींचा है। इससे योगी सरकार और भाजपा दोनों को राजनीतिक नुकसान होता दिखाई दे रहा है। प्रियंका के आंदोलन के बाद अब लखीमपुर कांड में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष मिश्र मोनू ने पुलिस के सामने समर्पण कर दिया है। उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की तीखी टिप्पणी भी आ चुकी है।


ऐसे में राजनीतिक विश्लेषकों के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी प्रियंका गांधी के भाषण का इंतजार है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वाराणसी रैली से प्रदेश में कांग्रेस के भावी कार्यक्रमों का अंदाजा मिल जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व ने यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर जो योजना बनाई है, उसके बारे में भी इस मंच से प्रियंका का एलान आ सकता है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए जरूरी है कि लखीमपुर खीरी, सोनभद्र के उम्भा गांव कांड जैसे मामलों में जनता की सीधी लड़ाई लड़ी जाए और पूर्वांचल के विकास से जुड़े मुद्दों को भी हवा दी जाए।

योगी और मोदी का सारा काम वाराणसी तक सीमित हो गया है, जबकि पूर्वांचल के कई जिले अब तक विकास की झलक भी नहीं पा सके हैं। ऐसे में यह देखने लायक होगा कि प्रियंका गांधी अपने भाषण में किन बिन्दुओं को प्रमुखता से उठाती हैं।

Tags:    

Similar News