पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने सांसद रवि किशन के साथ रामगढ़ झील में लिया कयाकिंग का मजा
रामगढ़ झील में संचालन के लिए लग्जरी क्रूज का आर्डर दे दिया गया है। अगले तीन महीने में क्रूज का संचालन शुरू हो सकता है।;
PWD Minister Jitin Prasad enjoys Kayaking with Gorakhpur MP Ravi Kishan (Image: Newstrack)
Marine Drive of Purvanchal: पूर्वांचल के मरीन ड्राइव कहे जाने वाले रामगढ़झील में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद और सांसद रवि किशन शुक्ला की मौजूदगी में गुरुवार की सुबह इसका शुभारंभ हो गया। मंत्री और सांसद ने खुद इसे चलाकर आनंद लिया। दोनों मझे हुए खिलाड़ी की तरह कयाकिंग करते दिखे।
अब शहर के लोगों के साथ बाहर से आने वाले सैलानी कयाकिंग का भी मजा ले सकेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए पांच कयाक मंगाया गया है। कयाक एक तरह की नाव, जिसमें एक या दो लोग बैठकर तेजी से उसे चला सकते हैं। करीब 30 हजार रुपये की एक कयाक पर एक साथ दो लोग बैठ सकेंगे। इसके साथ सुरक्षा से जुड़े उपकरण भी होंगे।
इस सेवा के शुरू हो जाने के बाद नौकायन के शौकीन लोग इसका लुत्फ उठा सकेंगे। इसे स्वयं भी चलाया जा सकेगा। ताल में छोटी-छोटी प्रतियोगिताएं भी हो सकती हैं। नौकायन को लेकर होने वाली भीड़ को देखते हुए जीडीए लगातार नाव की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। नावों का संचालन करने वाली फर्मों से और नाव मंगाने को कहा गया है।
रामगढ़ झील में आने वाले पर्यटकों के लिए नौकायन सर्वाधिक आकर्षण है। डबल डेकर नाव से लेकर स्पीड बोट तक में लाइन लगी होती है। मोटर से चलने वाली इन नावों पर लोग खूब आनंद उठाते हैं। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि पहली बार रामगढ़झील में कयाक चलाई गई। इससे झील की खूबसूरती और बढ़ेगी और पर्यटकों का रोमांच भी बढ़ेगा। जल्द ही झील में वाटर स्पोर्ट्स की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। इस दौरान एडीजी अखिल कुमार, राष्ट्रीय तैराक संतोष श्रीवास्तव, कृष्ण चंद पाठक आदि मौजूद रहे।
क्रूज और रेस्टोरेंट के लिए मुख्यमंत्री ने दी सहमति
रामगढ़ झील में संचालन के लिए लग्जरी क्रूज का आर्डर दे दिया गया है। अगले तीन महीने में क्रूज का संचालन शुरू हो सकता है। इसी तरह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के डिजाइन को भी गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने क्रूज का आर्डर किए जाने का पत्र व फोटो तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की डिजाइन मुख्यमंत्री को दिखाई। दोनों पर मुख्यमंत्री की सहमति भी मिल गई है।