Raebareli News: सलोन-परसदेपुर के नगर पंचायत अध्यक्षों ने समर्थकों के साथ थामा भाजपा का दामन

Raebareli News: जिले के सलोन व परसदेपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर लिया।

Report :  Narendra Singh
Update: 2024-02-07 10:37 GMT

सलोन-परसदेपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष भाजपा में शामिल (न्यूजट्रैक) 

Raebareli News: जिले के सलोन व परसदेपुर के नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर लिया। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा। दोनों नगर पंचायत अध्यक्षों के पार्टी में शामिल होने से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। सलोन के नगर पंचायत अध्यक्ष चन्द्र शेखर रस्तोगी अन्ततः भाजपा में शामिल हो गए। अभी हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा इनकी पिछड़ी जाति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया गया था, जिससे चेयरमैन की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा था।

आम जनमानस का कहना है कि अपनी कुर्सी बचाने के चक्कर में भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार कौशल को चेयरमैन के चुनाव के समय उनको भाजपा हाईकमान ने पार्टी से टिकट नहीं दिया था। पार्टी हाईकमान ने ओम प्रकाश मौर्य पर अपना भरोसा जताया था। विनोद कुमार कौशल ने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोंक दिया था। जिससे पार्टी हाईकमान ने उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया था, हालांकि विनोद कुमार कौशल को भारतीय जनता पार्टी से टिकट न मिलने की वजह से चुनाव में बहुत ही परेशानी का सामना करना पड़ा था।

जनता में उनकी लोकप्रियता के कारण उनको वोटरों ने भाजपा के विरोध के बावजूद भी दोबारा चेयरमैन की कुर्सी पर बैठा दिया। चेयरमैन की कुर्सी पाने के बाद इनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। वहीं भाजपा खेमे में खलबली मच गई थी। इनकी लोकप्रियता व लोकसभा चुनाव को नजदीक देख भाजपा पार्टी हाईकमान ने उक्त दोनों अध्यक्षों को प्रदेश कार्यालय परिसर में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करायी। इस अवसर पर कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष अनुभव कक्कर और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप यादव ने भी पार्टी का दामन थाम लिया।

Tags:    

Similar News