Bareilly News : घर से भागने वाले लड़के-लड़कियां यहां नहीं कर पाएंगें निकाह, जारी हुआ पोस्टर

Bareilly News : बरेली के आला हजरत दरगाह परिसर में मां बाप की मर्जी के बगैर घर से भाग कर आए लड़के लड़कियों का निकाह नहीं कराया जाएगा।

Newstrack :  Network
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2021-09-11 06:45 GMT

आला हजरत दरगाह (फोटो- सोशल मीडिया)

Bareilly News : यूपी के बरेली में आला हजरत दरगाह में बड़ा फैसला सुनाया गया है। यहां आला हजरत दरगाह परिसर ( Dargah E Aalahazrat Bareilly Sharif ) में घर से भागकर आने वाले लड़के-लड़कियों का अब निकाह नहीं होगा। हिंदू लड़कियों को प्रेम जाल में फंसा कर मौलवी से निकाह पढ़ाने वाले मुस्लिम युवकों को बरेली के धार्मिक संस्थान से कड़ा झटका मिला है।

धर्म संस्थान के प्रमुख ने एलान किया है कि मां बाप की मर्जी के बगैर घर से भाग कर आए लड़के लड़कियों का निकाह नहीं कराया जाएगा। यह फैसला लव जिहाद अभियान की कमर तोड़ने वाला साबित हो सकता है।

ऐसे में हिंदू लड़कियों को बरगला कर लाने वाले मुस्लिम युवकों को निकाह करने का अवसर नहीं मिल पाएगा। अगर ऐसा होता है तो लव जिहाद का आरोप लगाकर उन्माद फैलाने वालों को भी मौका नहीं मिलेगा। यह सांप्रदायिक सौहार्द को बिगड़ने से भी बचाएगा।

इस दरगाह के प्रमुख और मरकजे अहले सुन्नत के मुतवल्ली मौलाना सुब्हान रजा खां सुब्हानी मियां की तरफ से इस बारे में नोटिस जारी किया गया है। जिसमें ये एलान किया गया है कि अब इस दरगाह में इस तरह के निकाह नहीं किए जाएंगे।

दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां सुब्हानी मियां द्वारा जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि तमाम लड़कियाें और लड़कों का घर से भागकर कोर्ट, दरगाहों या मस्जिदों में निकाह करना आम है लेकिन कोई भी विवाद होने पर दरगाह और मस्जिदों में निकाह पढ़ाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसी वजह से दरगाह आला हजरत में ऐसे जोड़ों का निकाह पढ़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कोई निकाह नहीं 

साथ ही मौलान सुब्हानी मियां ने इस नोटिस में सबको आगाह करते हुए कहा है कि दरगाह आला हजरत के अहाते, दारुल उलूम मंजरे इस्लाम, रजा मस्जिद, अफ्रीकी हॉस्टल या इससे मुताल्लिक दफ्तरों में यहां के काजी, मुफ्ती, इमाम और मौलवी कोई निकाह नहीं पढ़ाएंगे।

निकाह (फोटो- सोशल मीडिया)

निकाह को लेकर मौलाना सुब्हानी मियां ने आगाह किया है कि अगर इन जगहों पर किसी ने निकाह पढ़ाया या यहां निकाह पढ़ाए जाने का झूठा इल्जाम लगाया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दरगाह से संबंधित संगठन तहरीके तहफ्फुजे सुन्नियत (टीटीएस) के राष्ट्रीय कार्यरत सदस्य परवेज नूरी ने बताया कि इस सूचना के बाबत दरगाह परिसर और आसपास पोस्टर भी लगा दिए गए हैं जिससे कोई यहां निकाह पढ़वाने के लिए न आए। दरगाह में अब पूरी तरह से प्रतिबंधित हो गया है।

पोस्टर जारी

इसी कड़ी में दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां के नाम से एक पोस्टर भी जारी किया गया है। इस पोस्टर में कहा गया है कि घर से भागे जो भी प्रेमी युगल का निकाह दरगाह आला हजरत के दारुल उलूम मंजरे इस्लाम, रजा मस्जिद और अफ्रीकी हॉस्टल या इनसे जुड़े किसी भी दफ्तर में तैनात इमाम नहीं पढ़ाएंगे। ये जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।

टीटीएस संगठन के कार्यरत सदस्य परवेज नूरी ने बताया कि घर से भाग कर आए लड़का लड़की का निकाह पढ़ाने पर पूरी तरह से रोक है। आसपास पोस्टर भी लगा दिए गए हैं जिससे कोई यहां निकाह पढ़वाने के लिए न आए। ये भी बताया कि दरगाह से जुड़े मदरस, मस्जिद या अन्य कार्यालयों में निकाह पढ़ाए जाने का झूठा इल्जाम लगाया गया, तो उनके खिलाफ दरगाह की तरफ से कार्रवाई भी की जाएगी।


Tags:    

Similar News