Shrikant Tyagi BJP: श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कड़ा एक्शन, बुलडोजर से गिराया गया गालीबाज नेता का अवैध निर्माण

Shrikant Tyagi Latest News: श्रीकांत त्यागी ने कई साल से सोसायटी में अवैध कब्जा कर रखा है और अब उसके खिलाफ प्राधिकरण ने शिकंजा कस दिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-08-08 04:33 GMT

श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कड़ा एक्शन

Shrikant Tyagi BJP: नोएडा की पॉश ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में महिला के साथ अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी के खिलाफ नोएडा अथॉरिटी ने कड़ी कार्रवाई की है। त्यागी ने सोसायटी में अपने फ्लैट के आसपास काफी अवैध निर्माण कर रखा था। प्राधिकरण की टीम ने आज बुलडोजर और श्रमिकों की मदद से त्यागी के अवैध निर्माण को तोड़ डाला। त्यागी के अवैध निर्माण को तोड़े जाने का सोसायटी में रहने वाले लोगों ने स्वागत किया है। सोसायटी में रहने वाली महिलाओं और अन्य लोगों ने तालियां बजाकर नोएडा अथॉरिटी की कार्रवाई का स्वागत किया। 

सोसायटी के लोगों ने किया स्वागत 

खुद को भाजपा के नेता बनाने वाले त्यागी ने अपने रसूख के बल पर अपने फ्लैट के आसपास अवैध निर्माण करा रखा था। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने इस बाबत नोएडा अथॉरिटी में शिकायत भी की थी मगर त्यागी अपने रसूख के बल पर कोई कार्रवाई नहीं होने देता था। त्यागी पर सोसायटी का मेंटेनेंस चार्ज भी बकाया है। सोसाइटी के लोग 2019 से ही त्यागी के संबंध में शिकायत कर रहे थे मगर अथॉरिटी की ओर से अब उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को लेकर सोसायटी के लोग काफी खुश है और उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में इस कार्रवाई का स्वागत किया। 

त्यागी की तलाश में लगातार दबिश

वैसे पुलिस पुलिस अभी तक श्रीकांत त्यागी को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह का कहना है कि त्यागी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वह बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस टीम को चकमा देने की कोशिश में जुटा हुआ है। त्यागी के करीब दर्जन भर समर्थकों ने रविवार की रात करीब आठ बजे सोसायटी के अंदर घुसकर काफी हंगामा किया था। 

सूत्रों के मुताबिक त्यागी ने कई साल से सोसायटी में अवैध कब्जा कर रखा है और अब उसके खिलाफ प्राधिकरण ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने त्यागी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जोरशोर से त्यागी की तलाश में जुटी हुई है और पुलिस सूत्रों का कहना है कि त्यागी की लोकेशन उत्तराखंड में मिली है। 

शर्मा बोले-हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है 

नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में रविवार की रात काफी हंगामा हुआ था। दरअसल करीब दर्जनभर उपद्रवी तत्वों ने सोसायटी में घुसकर रविवार की रात बवाल किया था। इस घटना से नाराज सोसायटी के लोगों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। सोसायटी में बवाल की सूचना पर भाजपा सांसद महेश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए थे। महेश शर्मा भी इस घटना को लेकर काफी नाराज हुए। हालांकि उन्होंने सोसायटी के लोगों को शांत करने की कोशिश की। इस दौरान महेश शर्मा ने किसी को फोन भी मिलाया और घटना को लेकर नाराजगी जताई। इस दौरान वे यह कहते हुए सुने गए कि हमें शर्मिंदगी महसूस हो रही है कि प्रदेश में हमारी सरकार है। 

नोएडा में त्यागी के खिलाफ कार्रवाई शुरू (photo: social media )

पुलिस लड़कों से कर रही है पूछताछ 

महेश शर्मा की इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। महेश शर्मा ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि उपद्रव करने वाले 15 लड़के सोसायटी में कैसे घुस आए। इससे बड़ी शर्म की कोई और बात नहीं हो सकती। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और पुलिस ने कुछ लड़कों को हिरासत में लिया है।

 पुलिस इन लड़कों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। उपद्रव करने वाले लड़के श्रीकांत त्यागी की पत्नी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सोसायटी के लोगों ने आरोप लगाया है कि उपद्रव करने वाले लड़कों के हाथ में लाठी-डंडे थे और वे सोसायटी के लोगों को धमका रहे थे।

नोएडा में त्यागी के खिलाफ कार्रवाई शुरू (photo: social media )

लापरवाही में थाना प्रभारी निलंबित

इस मामले में नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने भी कड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने थाना फेस टू के प्रभारी सुजीत उपाध्याय को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया है। उपाध्याय के अलावा कई और पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की तैयारी है। महिला के साथ दुर्व्यवहार के आरोपी श्रीकांत त्यागी की तलाश में पुलिस की 8 टीमें बनाई गई हैं मगर अभी तक पुलिस त्यागी को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि त्यागी की लोकेशन उत्तराखंड में मिली है और पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है। 

पुलिस ने त्यागी की आपराधिक कुंडली खंगालने का काम भी शुरू कर दिया है। त्यागी पर नोएडा के पुलिस थानों में पहले से ही 3 मामले दर्ज हैं। पूर्व में श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने भी उसके खिलाफ 307 का केस दर्ज कराया था। श्रीकांत त्यागी ने भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के सदस्य होने का दावा किया है जबकि भाजपा का कहना है कि त्यागी का पार्टी से कोई लेना देना नहीं है।

Tags:    

Similar News