Shrikant Tyagi Case: पत्नी ने नोएडा सांसद से बताया जान का खतरा, त्यागी समाज से एकजुट होने की अपील

Shrikant Tyagi Case: अनु त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बीजेपी सांसद डॉ महेश शर्मा से परिवार को जान का खतरा बताया है

Update: 2022-09-25 12:53 GMT

Shrikant Tyagi Case wife told Noida MP in danger of life appealed to Tyagi society unite

Shrikant Tyagi Case: नोएडा ओमैक्स सिटी में महिला के साथ अभद्रता और गाली-गलौच करने वाला श्रीकांत त्यागी सलाखों के पीछे है। लेकिन बाहर उसकी पत्नी अनु त्यागी मोर्चा संभाले हुए है। अनु त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने नोएडा से बीजेपी सांसद डॉ महेश शर्मा से परिवार को जान का खतरा बताया है। साथ ही कई और आरोप भी लगाए हैं। अनु का ये वीडियो शनिवार देर शाम से वायरल हो रहा है।

वीडियो में अनु त्यागी समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए नजर आ रही है। वो कह रही है कि उन्हें बांटने की साजिश की जा रही है मगर वे आपस में न बटें। बता दें कि ओमैक्स सिटी कांड के बाद से अनु त्यागी लगातार मीडिया के सामने अपने पति को बेगुनाह बताती रही हैं। वो पहले भी स्थानीय सांसद डॉ शर्मा पर परेशान करने का आरोप लगा चुकी हैं।

हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही है – अनु

गालीबाज श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी ने वीडियो में आगे कहा कि उनके पति और विनय त्यागी में किस बात का झगड़ा है, वह फिलहाल नहीं जानती हैं। मगर विनय से उन्हें कोई खतरा नहीं है। वह उनके भाई हैं। श्रीकांत के जेल से बाहर आने के बाद उनका प्रयास रहेगा कि दोनों के बीच चल रहे विवाद को समाप्त करा सकें। अनु त्यागी ने ये भी कहा कि पिछले डेढ़ माह से मुझे, मेरे पति और मेरे परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही हैं। गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ महेश शर्मा नहीं चाहते कि उनके पति जेल से बाहर आएं। हमें महेश शर्मा से खतरा है।

दिलचस्प बात ये है कि वीडियो में अनु त्यागी जिस विनय त्यागी को अपना भाई बता श्रीकांत से सुलह करवाने की बात कर रही हैं, वो वेस्ट यूपी का कुख्यात गैंगस्टर है। अनु ने पहले विनय पर आरोप लगाया था कि उसके शूटर जेल में श्रीकांत की हत्या कर सकते हैं। 

Tags:    

Similar News