Shrikant Tyagi Noida: श्रीकांत त्यागी को पकड़ने में नाकाम पुलिस, त्यागी के गुंडों ने OMAX सिटी में फिर से बोला धावा
Shrikant Tyagi Noida Case: भारी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के बावजूद भी श्रीकांत त्यागी के समर्थन में लोगों ने सोसाइटी में पथराव किया।;
Shrikant Tyagi Noida Case (Photo Social Media)
Shrikant Tyagi Noida Case: पिछले 2 दिनों से सुर्खियों में छाई हुई नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में बवाल रूकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की देर रात को सोसाइटी में भारी संख्या में लड़के घुस गए और श्रीकांत त्यागी के समर्थन बवाल करने लगे। इसके बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया। निवासियों ने कुछ लड़कों को दबोच लिया है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इस समय सोसाइटी में हंगामा हो रहा है।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में पथराव करने के लिए करीब 15-16 लोग आए थे, इनमें से निवासियों ने 6 लोगों को दबोच लिया है और बाकी भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और श्रीकांत त्यागी के समर्थन में आए लोगों से निवासियों ने दूर किया। इस समय सोसाइटी में भारी हंगामा जारी है। निवासियों ने पुलिस की सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि सोसाइटी में सुरक्षा मजाक बनकर रह गई है भारी संख्या में पुलिस बल तैनात होने के बावजूद भी श्रीकांत त्यागी के समर्थन में लोगों ने सोसाइटी में पथराव किया। पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और निवासियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
6 लड़कों को निवासियों ने दबोचा
सोसाइटी में घुसे हमलावरों को देखकर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने इन्हें घेर लिया। थोड़ी देर बाद ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। सोसायटी के निवासियों ने इन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। लोग सवाल खड़े कर रहे हैं कि शहर की सुरक्षा तार-तार हो चुकी है। गुंडे खुलेआम सोसाइटी में घुसकर गुंडागर्दी कर रहे हैं। पुलिस कार्रवाई करने की बजाय हमें ही उल्टा पाठ पढ़ा रही है। इसके बाद सोसाइटी की भीड़ ने नोएडा पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर भारी फोर्स तैनात है। सोसाइटी में गलत ढंग से घुसे कई लोगों को निवासी घेरकर खड़े हुए हैं। अभी इस मामले को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जिम्मेदार अफसरों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
पथराव की सूचना मिलते ही सोसाइटी पहुंचे सांसद
पथराव की सूचना मिलने के बाद सांसद डॉ.महेश शर्मा भी सोसाइटी में पहुंच गए। सोसाइटी में पहुंचकर डॉ.महेश शर्मा ने डीसीपी राजेश और अन्य पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाई है। इस समय सोसाइटी में पुलिस के खिलाफ हंगामा हो रहा है। सोसाइटी निवासियों ने पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। डाक्टर महेश शर्मा ने कहा कि यहा कानून व्यवस्था को मजाक बना दिया गया है। अधिकारियों को सस्पेंड किया जाए।