Siddharthnagar: जगदंबिका पाल की बड़ी पहल से तराई को रेल सौगात, नई रेल सेवाओं से विकास को लगेगा पंख
Siddharthnagar: डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सिद्धार्थनगर समेत पूरे तराई क्षेत्र के लिए बड़ी रेल सौगातों की घोषणा की
Siddharthnagar Jagdambika Pal News (Social Media).jpg
Siddharthnagar: डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने अपने आवास कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सिद्धार्थनगर समेत पूरे तराई क्षेत्र के लिए बड़ी रेल सौगातों की घोषणा कर राजनीतिक और विकास की हलचल तेज कर दी है।
सांसद ने बताया कि उनके लगातार प्रयासों के बाद दिल्ली से गोरखपुर होते हुए सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और गोंडा मार्ग पर नई अमृत भारत रेल सेवा के संचालन को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही गोरखपुर नकहा जंगल से बढ़नी होते हुए लखनऊ तक नई यात्री रेल सेवा के संचालन को भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से बेहतर रेल सुविधा की मांग कर रही थी, जिसे केंद्र सरकार ने गंभीरता से लेते हुए बड़ी सौगात दी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा भेजे गए पत्रों को दिखाते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों के विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बहुप्रतीक्षित बहराइच-श्रावस्ती-बलरामपुर-खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। लगभग आधी भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है और वन भूमि से जुड़ी प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
सांसद ने कहा कि यह रेल परियोजना आने वाले समय में पूरे तराई क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य करेगी।
इसके अलावा कानपुर से गोरखपुर चलने वाली चौरी-चौरा रेल सेवा को बढ़नी तक विस्तारित करने तथा गोरखपुर से आनंद विहार चलने वाली हमसफर रेल सेवा का प्रतिदिन संचालन शुरू कराने की मांग पर भी रेलवे स्तर पर प्रक्रिया जारी है।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता की हर आवाज को मजबूती के साथ केंद्र सरकार तक पहुंचाया जा रहा है और आने वाले समय में कई और बड़ी सौगातें क्षेत्र को मिलेंगी।
“जनता की सुविधा और क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता है। रेलवे से जुड़ी हर बड़ी मांग को मजबूती से उठाया गया है और उसका परिणाम अब जनता के सामने दिखाई देने लगा है।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, फतेह बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और खुशी का माहौल दिखाई दिया।