सिद्धार्थनगर में बारावफात को लेकर पुलिस का पैदल गश्त, आमजन में सुरक्षा का संचार
सिद्धार्थनगर में बारावफात से पहले पुलिस ने पैदल गश्त कराई, सुरक्षा बढ़ाई।
Siddarth Nagar News: आगामी त्यौहार बारावफात के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था और शांति-सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार शाम को डुमरियागंज कस्बे में पुलिस द्वारा पैदल गश्त किया गया। इस गश्त का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशान्त कुमार प्रसाद ने किया, जिनके साथ क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज और थाना डुमरियागंज पुलिस की पूरी टीम मौजूद रही।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस मौके पर एएसपी प्रशान्त कुमार प्रसाद ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि त्यौहार के दौरान किसी प्रकार की अशांति या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डुमरियागंज कस्बे में गश्त का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, अपराधियों में भय पैदा करना और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों और युवाओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पैदल गश्त के दौरान पुलिस की सक्रियता देखकर स्थानीय नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया और प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। इससे पूर्व प्रशासन ने सभी थाना क्षेत्रों को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। त्यौहार को लेकर डुमरियागंज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिख रही है।