Sonbhadra: पति ने खाया जहर, पत्नी ने लगाई फांसी, दोनों की मौत, घरेलू विवाद बताया जा रहा वजह

Sonbhadra: पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पन्नूगंज गांव में घरेलू विवाद के कारण अखबार विक्रेता ने जहर खा लिया। उसकी मौत की खबर सुनकर पत्नी ने भी फंदे से लटककर जान दे दी।

Update:2022-11-20 16:29 IST

शव के साथ बैठे परिजन। 

Sonbhadra: पन्नूगंज थाना क्षेत्र (Pannuganj police station area) के पन्नूगंज गांव में रविवार को किसी बात से खफा होकर अखबार विक्रेता ने जहर खा लिया। उसकी मौत की खबर सुनकर पत्नी ने भी फंदे से लटककर जान दे दी। इससे कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार और पास-पड़ोस के लोगों से लोगों से पूछताछ कर पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चर्चा में घरेलू मसले को घटना की वजह बताया जा रहा है। वहीं पुलिस सच्चाई की जांच में जुटी हुई है।

दोनों के बीच विवाद की बनी स्थिति

बताते हैं कि सूरज सोनी (28) पुत्र रामराज सोनी अपनी पत्नी सुनीता (25) के साथ पन्नूगंज गांव में दूसरे वाले मकान पर रहता था। उसके माता-पिता गांव के पहले वाले मकान पर आते थे। दोनों के तीन छोटे-छोटे बच्चे (अंशु 5 वर्ष, आयुष 3 वर्ष के अलावा दो माह का लड़का ) हैं। ग्रामीणों के मुताबिक छोटी-मोटी बातों को लेकर कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बताते हैं कि रविवार की सुबह सूरज रामगढ़ मार्केट में अखबार बांटकर घर पहुंचा। कुछ देर बाद पता चला कि उसने जहर खा लिया है। हालत बिगड़ने के बाद मामले की जानकारी हुई तो परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। बताया जाता है कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।

दोनों की मौत से परिजनों में मचा कोहराम

जब इस बात की जानकारी उसकी पत्नी की हुई तो उसने फंदे से लटक कर जान दे दी। परिवार के लोग सूरज के शव को लेकर वापस लौटे तो देखा कि उसकी पत्नी सुनीता का शव घर में लगे फंदे से लटक रहा था। पति-पत्नी दोनों की मौत से जहां कोहराम की स्थिति बन गई। वहीं, छोटे-छोटे बच्चों का पालन पोषण कैसे होगा? इसको लेकर भी लोग चिंतित नजर आए। खासकर दो माह के दुधमुंहे बच्चे की स्थिति को लेकर, वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम रहीं। उधर, पन्नूगंज पुलिस ने दोपहर बाद, पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

कहीं आर्थिक तंगी तो नहीं बनी घटना की वजह

लोगों के बीच हो रही चर्चाओं पर यकीन करें तो आर्थिक तंगी भी इस घटना के पीछे की एक बड़ी वजह हो सकती है। बताते हैं कि सूरज सोनी इन दिनों खासी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। सुबह अखबार बांट कर तथा छोटा-मोटा काम कर किसी तरह परिवार का पालन पोषण कर रहा था। तीन बच्चे होने के कारण जिम्मेदारियां लगातार बढ़ती जा रही थी। ग्रामीणों की मानें तो पति-पत्नी के बीच होने वाले विवाद की यह एक बड़ी वजह थी।

विवाद के पीछे भी आर्थिक तंगी का मसला

रविवार की सुबह हुए विवाद के पीछे भी आर्थिक तंगी का मसला ही बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि इससे तनावग्रस्त सूरज ने जहर का सेवन कर लिया। पति की मौत की खबर मिली तो सदमे में आई पत्नी ने भी फंदे से लटककर जीवन लीला समाप्त कर ली। सच्चाई क्या है यह तो जांच के बाद ही सामने आ पाएगा? फिलहाल दिल दहला देने वाली इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

Tags:    

Similar News