Sonbhadra: हैलो! परवाल सर बोल रहे हैं और खाते से उड़ गए 80000, मामला दर्ज कर पुलिस ने शुरू की छानबीन

Sonbhadra: पिपरी थाना क्षेत्र में कॉल करके ऐप का लिंक भेजकर ठगों ने व्यक्ति से 80 हजार की धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Update:2023-01-01 20:04 IST

Fraud (PHOTO: social media ) 

Sonbhadra: पिपरी थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक अनोखा मामले सामने आया है। काल करने वाले व्यक्ति ने अपने को परवाल सर बताया और फोन पे न चलने की बात कहते हुए, दूसरे किसी ऐप का लिंक भेजकर, अपने खाते में 80 हजार मंगवा लिए। सामने वाले को शक न होने पाए, इसके लिए परवाल की आवाज में बात भी की। इसके झांसे में आकर पीड़ित ने कॉलर की तरफ से बताए गए खाते में नकदी ट्रांसफर कर दी। अगले दिन जब उसे ठगे जाने की जानकारी हुई तो सन्न रह गया। मामले में पिपरी पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

ऐसे की गई धोखाधड़ी

रेणुकूट निवासी श्यामशंकर तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गत 29 नवंबर को उनकी मुलाकात रेणुकूट निवासी एक बड़े ठेकेदार सचिव परवाल सर से, इलाके के एक निजी कंपनी के एडीएम बिल्डिंग में हुई थी। बातचीत के बाद दोनों लोग अपने-अपने रास्ते निकल लिए। 10 मिनट बाद श्यामशंकर की मोबाइल पर एक कॉल आई कि मैं सचिव परवाल बोल रहा हूं। मेरा फोन पे नहीं चल रहा है। आवाज परवाल की तरह ही लग रही थी। कॉलर ने कहा कि हम आपको पैसा भेज रहे हैं। आप उसे मेरे खाते में ट्रांसफर कर दीजिए। एक नंबर से दूसरे ऐप की 25000, 25000, 30000 की लिंक भी भेजी गई, लेकिन श्यामशंकर के खाते में रकम नहीं पहुंची। इस पर परवेल बनकर कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि मैं आपको खाता नंबर भेज रहा हूं। उक्त रकम मेरे खाते मे भेज दीजिए। सुबह ऑफिस आकर अपनी धनराशि ले लीजिएगा। अगले दिन गत शुक्रवार को श्यामशंकर परवाल के ऑफिस पहुंचे तो पता चला कि उनके साथ धोखाधड़ी हो गई है। पिपरी पुलिस ने उसकी तहरीर पर धारा 419, 420 आईपीसी और 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

नगरपंचायत की टीम ने छुड़ाया प्रतिबंधित प्लास्टिक, 5 नामजद व 50 अज्ञात पर FIR

ओबरा नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी अमित कुमार की अगुवाई में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पाबंदी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के दौरान हमला बोलकर 500 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक छुड़ाए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में ओबरा पुलिस ने पांच नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने यह कार्रवाई अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह के तहरीर पर की।

नगर में प्लास्टिक जब्ती अभियान और जागरूकता की जा रही कार्रवाई

आरोप है कि नगर में प्लास्टिक जब्ती अभियान और जागरूकता की कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान चूड़ी गली सिनेमा रोड में 500 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक पकडी गई। इसके बाद उसे थाने ले जाया जा रहा था। उसी दौरान ओबरा निवासी प्रकाश जायसवाल रामू, मनोज पटेल, गुलाम अली, छोटू तथा 50 अन्य लोगों ने अधिशासी अभियंता अमित कुमार सिंह, नगर पंचायत के कर्मी सहित पूरी टीम को घेर लिया। उनके साथ अभद्रता करते हुए, प्लास्टिक सहित वाहन को कब्जे से छुड़ा लिया गया। मामले में पुलिस ने धारा 353, 332, 186, 506 आईपीसी और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

Tags:    

Similar News