Sonbhadra News: जुए की महफिल पर पुलिस का छापा, 20 गिरफ्तार, लाखों की नकदी व 4 गाड़ियां जब्त

Sonbhadra News: सोनभद्र में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर 20 लोगों को गिरफ्तार किया। लाखों की नकदी और 4 गाड़ियां जब्त, जांच जारी।

Update:2026-05-03 19:11 IST

Sonbhadra News(Photo-Social Media)

Sonbhadra News: जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में सुनसान इलाके में चल रही जुए की बड़ी महफिल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरप्रांतीय गैंग का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान 20 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से ₹2.34 लाख से अधिक की नकदी, 4 चारपहिया वाहन, ताश की गड्डियां और 20 मोबाइल फोन बरामद किए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में म्योरपुर पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

मुखबिर की सूचना पर ताबड़तोड़ छापा

3 मई 2026 को “ऑल आउट” अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लिलासी चौकी क्षेत्र से मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि ग्राम कुदरी (भदहर टोला) में कुछ लोग तिरपाल बिछाकर ताश के जरिए जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मौके पर ही हार-जीत की बाजी लगाते पाए गए।

पूछताछ में खुला अंतरप्रांतीय नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह अलग-अलग जिलों और राज्यों से आकर सुनसान स्थानों पर जुआ खेलता था। गिरोह का सरगना राजेश कुमार (निवासी कुदरी) बताया गया है, जो पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और लोगों को इकट्ठा कर जुए की व्यवस्था करता था। आरोपी जानबूझकर ऐसे स्थान चुनते थे, जहां आम लोगों की आवाजाही कम हो।

बरामदगी ने खोली जुए के अड्डे की पोल

पुलिस ने मौके से ₹2,09,700 फड़ से नकद और ₹24,600 तलाशी के दौरान बरामद किए। इसके अलावा 3 ताश की गड्डियां, 20 मोबाइल फोन और 4 चारपहिया वाहन (ब्रेजा, किया, वैगनआर, अर्टिगा) बरामद किए गए। सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्त

पुलिस ने इस मामले में कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के निवासी शामिल हैं। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Tags:    

Similar News