Sonbhadra News : योग की शक्ति से स्वस्थ होगा सोनभद्र, 15 जून से शुरू होगा योग सप्ताह महाअभियान

Sonbhadra News : 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन, स्कूलों, ग्राम पंचायतों, पार्कों और नदी तटों पर होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम।

Update:2026-06-08 21:02 IST

Sonbhadra News

Sonbhadra News:  जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में 15 जून से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योग सप्ताह के आयोजन को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानते हुए इसे जन-जागरूकता और जन-भागीदारी का अभियान बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न हिस्सा है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है और ऐसे में हमारा दायित्व है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक इसके लाभ पहुंचाए जाएं। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक तनाव भी कम होता है और व्यक्ति सकारात्मक जीवनशैली की ओर अग्रसर होता है।

योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को कलेक्ट्रेट परिसर से किया जाएगा। इसके बाद जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। शिवाजी मिनी स्टेडियम, जिला कारागार, सभी तहसीलों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक पार्कों तथा नदी तटों पर सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। इसके साथ ही योग प्रतिज्ञा कार्यक्रम, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, योग प्रतियोगिताएं, जागरूकता रैलियां तथा विशेषज्ञों द्वारा विशेष योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के दौरान जिले में ऐसा वातावरण बनाया जाए कि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित हों। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने तथा कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह सहित आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने योग सप्ताह के सफल आयोजन के लिए तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की तथा आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

Tags:    

Similar News