Lakhimpur Kheri में आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान, जानें कितने समय बाद और क्यों करवाएं Aadhaar अपडेट

Aadhar Update in UP : आधार एक अति महत्वपूर्ण दस्तावेज है। किसी भी सरकारी योजना के लाभ के लिए लाभुक के पास आधार होना जरूरी है। इसलिए समय-समय पर इसका अपडेट होना जरूरी होता है।

Update: 2022-10-29 08:21 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Aadhar Update in UP : यूपी के लखीमपुर जिले में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा आधार (Aadhaar) में अपडेशन का काम किया जा रहा है। अगर, आपको भी आधार में कोई बदलाव करने हैं तो आज ही करवा लें। इस संबंध में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि, UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जिले में आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा, लोगों की सुविधा के लिए ये कदम उठाया गया है। आधार अपडेट करने का काम आसानी से हो सके इसके लिए विशेष आधार कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है।

जैसा कि हम जानते हैं कि आधार एक अति महत्वपूर्ण दस्तावेज है। किसी भी सरकारी योजना के लाभ के लिए लाभुक के पास आधार होना जरूरी है। इसलिए समय-समय पर इसका अपडेट होना जरूरी होता है। अगर, आपका आधार अपडेटेड रहता है तो आपको सरकारी योजनाओं के लाभ में आसानी होती है। आधार में एक खास फीचर है, जिसे आप आसानी से अपडेट करा सकते हैं। विशेष तौर पर अपना पता और मोबाइल नंबर हमेशा अपडेट रखें।

आधार बने 10 साल हो गए, तो कराएं अपडेट 

उन्होंने बताया कि इस संदर्भ  में निवासियों को सलाह दी जाती है की अगर आपका आधार बने हुए 10 साल या उससे अधिक हो गए है तो अपना आधार जरूर अपडेट करवा लें। आधार अपडेट के लिए अपने पते का प्रमाण (PoA) और पहचान का प्रमाण (Pol) लेकर अपने नजदीकी आधार केंद्र पर लेकर जाएं। आधार अपडेट कराने के लिए आपको निर्धारित शुल्क 50 रुपए अदा करने होंगे।

ये भी है तरीका 

आप अपने पते का प्रमाण (PoA) और पहचान का प्रमाण (Pol) https://myaadhaar.uidai.gov.in/ से ऑनलाइन भी अपडेट कर सकते हैं। जिसके लिए निर्धारित शुल्क 25 रुपए है। अपने नजदीकी आधार केंद्र का पता जानने के लिए https://appointments.uidai.gov.in/bookappointment.aspx पर लॉग इन करें। आप आधार भुवन पोर्टल https://bhuvan.nrsc.gov.in/aadhaar/ के माध्यम से भी अपने नजदीकी आधार केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

अधिकारी ने ये बताया 

डीएसटीओ ने बताया कि, लखीमपुर खीरी जिले में आधार नामांकन और अपडेट करने हेतु लगभग 198 मशीन कार्यरत हैं। इन आधार नामांकन और अपडेट मशीनों ने पिछले एक महीने के दौरान लगभग 10.72 हजार नए आधार बनाए और लगभग 29.15 हजार आधार अपडेट किए हैं। उत्तर प्रदेश में इस समय फैमिली आईडी बनाने का प्रोजेक्ट भी चल रहा है जिससे आधार के माध्यम से बेहतर सुविधाएं निवासियों को दी जा सकेंगी। इस महत्वपूर्ण कार्य में अगर आधार में पहचान के दस्तावेज (Pol) तथा पते के दस्तावेज (PoA) अपडेटेड हैं तो सर्विस डिलीवरी में ज्यादा समन्वय हो पायेगा / ज्यादा पारदर्शिता आएगी।

Tags:    

Similar News