इलाहाबाद, फैजाबाद के बाद अब सुल्तानपुर का बदल जायेगा नाम, योगी कैबिनेट जल्द लेगी फैसला

राज्य सरकार सुल्तानपुर जिले का नाम भगवान राम के ज्येष्ठ पुत्र कुश के नाम पर कुशभवनपुर करने जा रही है। इसकी सारी तैयारी की जा चुकी है।

Written By :  Shreedhar Agnihotri
Published By :  Ashiki
Update: 2021-08-27 09:37 GMT

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

लखनऊ: योगी सरकार आने के बाद जिलों के नाम बदलने की श्रृंखला में अब एक और जिले का नाम बदलने कीतैयारी की जा रही है। राज्य सरकार सुल्तानपुर जिले का नाम भगवान राम के ज्येष्ठ पुत्र कुश के नाम पर कुशभवन करने जा रही है। इसकी सारी तैयारी की जा चुकी है। जल्द ही कैबिनेट में इसका प्रस्ताव पास होने के बाद इस जिले का नाम कुशभवनपुर हो जाएगा।

इसके अलावा विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर जिलों का नाम बदलकर सरकार के धार्मिक एजेंडे को धार देने की तैयारी है। वहीं, अलीगढ़, फिरोजाबाद, देवबंद, गाजीपुर, मिर्जापुर, बस्ती का नाम भी बदलने की मांग की जा रही है।

दरअसल इसकी मांग सबसे पहले सुल्तानपुर जिले की लंभुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने विधानसभा में की थी। इसके बाद वह बराबर राज्य सरकार सुल्तानपुर जिले का नाम बदलने की मांग करते आ रहे हैं। इसके बाद शासन ने स्थानीय प्रशासन से इसका प्रस्ताव मांगा। जिसके बाद राजस्व परिषद को सुल्तानपुर जिले का नाम कुश भवनपुर करने का प्रस्ताव भेज दिया गया है।

इसके पहले प्रदेश की योगी सरकार इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर चुकी है। जबकि केन्द्र सरकार मुगलसराय रेलवे जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर कर चुकी है। इसके बाद इलाहाबाद जंक्शन का नाम बदलकर प्रयागराज जंक्शन, इलाहाबाद सिटी स्टेशन का नाम प्रयागराज रामबाग, इलाहाबाद छिवकी का नाम प्रयागराज छिवकी व प्रयागराज घाट का नाम प्रयागराज संगम किया जा चुका है। कुछ समय पहले प्रदेश सरकार ने झांसी रेलवे स्टेशन का नाम वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन करने की मांग केन्द्र सरकार से की है।

पौरोणिक इतिहास के अनुसार सुल्तानपुर जिले का नाम बदलने के प्रस्ताव में कहा गया है कि त्रेता युग में भगवान राम के पुत्र कुश की राजधानी कुश भवनपुर हुआ करती थी। लेकिन मुगलों के आने के बाद इसका नाम कुशभवनपुर से सुल्तानपुर हो गया।

बताया जा रहा है कि फिरोजाबाद जिला पंचायत जिले का नाम बदलकर चंद्रनगर करने, अलीगढ़ जिला पंचायत अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ और मैनपुरी जिला पंचायत जिले का नाम बदलकर मयन नगरी करने की भी तैयारी है। जबकि संभल का नाम पृथ्वीराज नगर या कल्कि नगर करने की मांग हो रही है। उन्नाव के मियागंज ब्लाक का नाम भी बदलने की तैयारी है।

सहारनपुर के देवबंद का नाम बदलकर देववृंद शाहजहांपुर के खुदागंज ब्लॉक का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर रोशन सिंह के नाम पर जबकि बस्ती का नाम बदलकर वशिष्ठ नगर व मिर्जापुर का नाम बदलकर विंध्यधाम करने की भी मांग की जा रही है।

Tags:    

Similar News