UP: 'वरुण गांधी का भी सूर्य अस्त होने को है...अखिलेश दिन में सपने देखेंगे', साक्षी महाराज ने CM पुष्कर धामी को दी बधाई

BJP MP Sakshi Maharaj: साक्षी महाराज ने कहा, 'वरुण गांधी का भी सूर्य अस्त होने को है। शायद वह भी बौखला रहे हैं। यह शहीदों का अपमान है। भारत माता की जय का नारा लगाते जो सीने पर गोली खाते फांसी के फंदे पर लटक गए थे। ऐसे शहीदों का ये अपमान करने का प्रयास करते हैं।

Report :  Shaban Malik
Update: 2023-11-29 08:08 GMT

वरुण गांधी, साक्षी महाराज और अखिलेश यादव (Social  MEDIA) 

Unnao News: उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज (BJP MP Sakshi Maharaj) ने बुधवार (29 नवंबर) को अपने संसदीय कार्यालय साक्षी धाम में पत्रकारों से बातचीत की। साक्षी महाराज ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विपक्ष पर प्रहार भी किया। बीजेपी सांसद ने उत्तराखंड के टनल में फंसे मजदूरों के सकुशल बाहर आने पर वहां के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी। इस दौरान अपनी पार्टी के सांसद वरुण गांधी पर उन्होंने कहा, 'वरुण गांधी का भी सूर्य अस्त होने को है'।

साक्षी महाराज ने कहा, 'मैं टीवी पर लाइव देख रहा था। एक-एक कर सभी 41 श्रमिकों को टनल से बाहर निकाल लिया गया। यह अपने आप में एक बहुत ही बड़ी बात है। इसलिए एनडीआरएफ के जवानों और वहां मेहनत करने वाले सभी दूसरे श्रमिकों और अधिकारियों को बधाई। साथ ही, जनरल वीके सिंह (General VK Singh) को और विशेष रूप से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हृदय की गहराई से बधाई देता हूं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी 41 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने में जी जान लगा दी थी।

साक्षी महाराज- बाबा केदारनाथ की कृपा रही 

साक्षी महाराज ने कहा, 'बाबा केदारनाथ की कृपा है। भगवान बद्री विशाल की कृपा है, जो असंभव लग रहा था, वह कार्य पूरा हुआ। जिसके लिए सारा देश प्रार्थना कर रहा था, वह सब बाहर आ गए हैं। उनका भी हृदय की गहराई से उनके जीवन के लिए शुभकामनाएं करता हूं। बधाई देता हूं।'

राहुल के 'पनौती' पर ये बोले बीजेपी सांसद

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने राहुल गांधी के पनौती वाले बयान पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि, 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचती है। अब कांग्रेस का सूर्य पूरी तरीके से अस्त होने वाला है राजस्थान भी उनके हाथ से जाने वाला है। जो स्थिति खिसियानी बिल्ली खंभा नोचने वाली की है, वही राहुल गांधी की है।'

'अखिलेश दिन में सपने देखेंगे'

कानपुर में अखिलेश यादव ने कहा था कि जो 14 में आए थे वह 2024 में चले जाएंगे। इस पर उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'कम से कम 2047 तक हैं। लोग रात में सपने देखते हैं। यह दिन में सपना देखेंगे। इन्हें देखने दीजिए, लेकिन मोदी जी का विकल्प किसी के पास नहीं है।'

'वरुण गांधी का भी सूर्य अस्त होने वाला है' 

भाजपा सांसद वरुण गांधी ने अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने मुफ्त राशन, महंगाई, अग्निवीर जैसी योजना को लेकर सवाल किया था। कहा था कि, जय श्री राम, भारत माता की जय नारे से समस्या हल हो जायेगी क्या? इस पर सांसद साक्षी महाराज ने जवाब दिया, बोले 'वरुण गांधी का भी सूर्य अस्त होने को है। शायद वह भी बौखला रहे हैं। यह शहीदों का अपमान है। जो हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय का नारा लगाते-लगाते सीने पर गोली खाते फांसी के फंदे पर लटक गए थे। ऐसे शहीदों का ये अपमान करने का प्रयास करते हैं। आखिरकार, जुड़ाव कहां से है, आप समझते ही हैं'।

दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है

रामगोपाल यादव ने हाल ही में कहा था कि, अगर हम उत्तर प्रदेश में 40 सीटें जीतते हैं तो अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने की बात रखेंगे, इस पर भाजपा के फायर ब्रांड सांसद साक्षी महाराज ने कहा, 'मैं तो कहूंगा कि अखिलेश जी को शुभकामनाएं। अखिलेश जी 80 सीटों पर चुनाव लड़े और 80 सीटों पर हम जमानत जब्त करने की गारंटी देते हैं। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में 80 की 80 सीट जीतने वाली है। 335 सीट से ज्यादा  जीतेंगे। केंद्र में फिर मोदी सरकार बनाएंगे। दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है।'

Tags:    

Similar News