'सपा को साफ करने के लिए स्वामी प्रसाद मौर्य ही पर्याप्त', साक्षी महाराज बोले- राजस्थान-एमपी-छग में बन रही बीजेपी सरकार

Unnao News: साक्षी महाराज ने कहा, 'स्वामी प्रसाद मौर्य दुर्बुद्धि शख्स है। अगर, अखिलेश सावधान न हुए तो समाजवादी पार्टी को साफ करने के लिए स्वामी प्रसाद मौर्य ही पर्याप्त है।'

Report :  Shaban Malik
Update: 2023-11-18 10:27 GMT

Unnao mp sakshi maharaj (Social Media)

Unnao News : बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और उन्नाव सांसद साक्षी महाराज (MP Sakshi Maharaj) ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, स्वामी प्रसाद मौर्य दुर्बुद्धि शख्स है। अगर, अखिलेश सावधान न हुए तो समाजवादी पार्टी को साफ करने के लिए स्वामी प्रसाद मौर्य ही पर्याप्त है। जिस दिन 'इंडिया गठबंधन' का प्रधानमंत्री फेस चुना गया, उसी दिन विपक्षी गठबंधन तार-तार हो जाएगा।'

देश के जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, उस पर भी साक्षी महाराज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तीनों राज्यों में बीजेपी भारी बहुमत से सरकार बना रही है। राजस्थान में भाजपा का मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इस पर साक्षी महाराज ने कहा, 'हमारी सरकार बनेगी। विधायक दल तय करेगी मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है, लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है।'

साक्षी महाराज- स्वामी प्रसाद दुर्बुद्धि शख्स 

बीजेपी के फायर ब्रांड सांसद साक्षी महाराज ने शनिवार (18 नवंबर) को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। साक्षी महाराज ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि, स्वामी प्रसाद मौर्य एक दुर्बुद्धि व्यक्ति है। अगर, अखिलेश यादव सावधान न हुए तो समाजवादी पार्टी को साफ करने के लिए स्वामी प्रसाद मौर्य ही पर्याप्त है। स्वामी प्रसाद ने दिवाली से पहले एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने मां लक्ष्मी पर विवादित टिप्पणी की थी। दरअसल, स्वामी प्रसाद ने कहा था कि, 'पूरे विश्व के प्रत्येक धर्म, जाति, नस्ल, रंग व देश में पैदा होने वाले बच्चे के दो हाथ, दो पैर, दो कान, दो आंख, दो छिद्रों वाली नाक के साथ एक सिर, पेट व पीठ ही होती है, चार हाथ,आठ हाथ, दस हाथ, बीस हाथ व हजार हाथ वाला बच्चा आज तक पैदा ही नहीं हुआ तो चार हाथ वाली लक्ष्मी कैसे पैदा हो सकती है? यदि आप लक्ष्मी देवी की पूजा करना ही चाहते हैं तो अपने घरवाली की पूजा व सम्मान करें।' स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में  हड़कंप मचा हुआ है।

'पीएम फेस तय होते ही INDIA गठबंधन होगा तार-तार'

पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 'इंडिया गठबंधन' पर भी साक्षी महाराज ने टिप्पणी की। 2024 लोकसभा चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन सक्रिय दिख रहा है, पर भाजपा के नेता और सांसद से लेकर मंत्री इंडिया गठबंधन पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि, जिस दिन इंडिया गठबंधन का प्रधानमंत्री चेहरा चुना जाएगा उसी दिन इंडिया गठबंधन तार-तार हो जाएगा। उन्होंने कहा, बीच-बीच में खबरें आती है कि इंडिया गठबंधन से अखिलेश यादव आ रहे हैं। अखिलेश यादव कभी कहते हैं कि हम उत्तर प्रदेश में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। कभी कहते हैं कि कांग्रेस को वोट मत देना।'

तीनों राज्यों में बन रही बीजेपी सरकार

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हुई वोटिंग के एक दिन बाद सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि, 'राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ इन तीनों राज्यों में मुझे जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मेरी जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से सरकार बना रही है।'

राजस्थान में कौन होगा सीएम फेस?

राजस्थान में अभी तक भाजपा ने मुख्यमंत्री का चेहरा पेश नहीं किया है। राजस्थान का चुनाव भी बड़ा दिलचस्प है। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। इस पर सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि, 'हमारी सरकार बनेगी। विधायक दल तय करेंगे कि, मुख्यमंत्री कौन बनेगा नजर और नजरों से काम नहीं चलता है। यहां पर भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है।'

Tags:    

Similar News