UP Election 2022: निर्भया केस की वकील सीमा कुशवाहा BSP की राष्ट्रीय प्रवक्ता, ऐसे रखा राजनीति में कदम

निर्भया केस की वकील रह चुकी सीमा कुशवाहा ने कुछ दिन पहले बहुजन समाज पार्टी का दामन थामा था। जिसके बाद अब बसपा ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त कर दिया है।

Written By :  Bishwajeet Kumar
Newstrack :  Network
Update: 2022-02-03 09:21 GMT

सीमा कुशवाहा (फाइल तस्वीर)

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) शुरू होने में अब बस एक हफ्ते का वक्त रह गया है। ऐसे में प्रदेश में सियासी सरगर्मी बहुत ज्यादा बढ़ गई है। राजनीतिक दल अपना अपना सियासी समीकरण साधते हुए उम्मीदवारों का चयन भी लगभग कर चुके हैं।

इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से बहुत से लोगों ने राजनीति में कदम रखा तो राजनीति में पहले से रह चुके बहुत से लोगों ने चुनाव से पहले अपना दल बदल लिया। उत्तर प्रदेश के इसी चुनावी माहौल में निर्भया केस (Nirbhaya Case) की वकील रह चुकी सीमा कुशवाहा (Seema Kushwaha) ने बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) का दामन थाम लिया है।

सीमा कुशवाहा चर्चित निर्भया केस की वकील

सीमा कुशवाहा के बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के कुछ दिन बाद ही अब पार्टी ने उन्हें अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश की रहने वाली सीमा कुशवाहा चर्चित निर्भया केस की वकील हैं।

सीमा कुशवाहा ने अपनी वकालत की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की है। जिस वक्त देश में निर्भया का मामला सामने आया था सीमा कुशवाहा उस वक्त कोर्ट में अपनी ट्रेनिंग पर थी। उस वक्त सीमा ने बिना किसी पैसे के इस केस को लड़ने का फैसला किया था।

बता दें निर्भया का केस सीमा कुशवाहा के करियर का पहला केस भी था। उन्होंने अपनी मेहनत और जज्बे के दम पर निर्भया केस के दोषियों को फांसी की सजा दिलवाई थी। सीमा कुशवाहा केवल निर्भया का केस ही नहीं लड़ रही थी उन्हें हर वक्त निर्भया के माता-पिता के साथ खड़े भी देखा जाता था।

बता दें सीमा कुशवाहा कभी वकील नहीं बनना चाहती थी, उनका मन था कि वह एक बड़ी आईएएस ऑफिसर बने लेकिन किसी कारणवश उन्होंने वकालत का रास्ता चुना। अब वकालत के क्षेत्र में अपना बेहतर प्रदर्शन करने के बाद सीमा कुशवाहा ने राजनीति में भी कदम रखा है। बसपा (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती (Mayawati) ने उन्हें पार्टी के पक्ष रखने के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता घोषित किया है

चुनाव शेड्यूल

उत्तर प्रदेश में इस बार का विधानसभा चुनाव (Assembly Election) कुल 7 चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण के लिए मतदान 10 फरवरी को होगा तो वहीं आखिरी चरण के लिए मतदाता अपने मतों का प्रयोग 7 मार्च को करेंगे। विधानसभा चुनाव के परिणाम बाकी के 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों के साथ 10 मार्च को घोषित होंगे।

Tags:    

Similar News