UP Election 2022: भाजपा का लखनऊ की मध्य विधानसभा सीट पर 7 बार रहा है कब्जा, इस बार कड़ी चुनौती

UP Election 2022: पिछले चुनाव में बसपा से भाजपा में शामिल हुए बृजेश पाठक को इस बार भाजपा ने लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से टिकट दिया है।

Published By :  Shreya
Update: 2022-02-02 10:10 GMT

बीजेपी

UP Election 2022: राजधानी लखनऊ के वीआईपी क्षेत्र वाली मध्य विधानसभा सीट (Lucknow Central Assembly Seat) फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पास है। पिछले चुनाव में यहां से भाजपा के बृजेश पाठक (Brajesh Pathak) यहां से चुनाव जीतकर योगी सरकार (Yogi Government) में कैबिनेट मंत्री बने थें लेकिन इस दफे उनकी जगह पर रजनीश गुप्ता (Rajneesh Gupta) को टिकट दिया गया है जो तीन बार सभासद बन चुके हैं। 

पिछले चुनाव में बसपा से भाजपा में शामिल हुए बृजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने इस चुनाव में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के रविदास मेहरोत्रा (Ravidas Mehrotra) को 5094 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) तीसरे स्थान पर थी। 2017 के आंकड़ों के अनुसार इस सीट पर कुल 4 लाख 47 हजार 504 वोटर रजिस्टर्ड थे। हालांकि इस चुनाव में मतदाताओं की इस संख्या में इजाफा होने का अनुमान है। 

बृजेश पाठक (फोटो साभार- ट्विटर) 

2012 में रविदास मेहरोत्रा ने जीता था चुनाव 

इससे पहले 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर रविदास मेहरोत्रा यहां से चुनाव जीतकर अखिलेश सरकार में मंत्री बने थें। यह सीट पूर्व में समाजवादी पार्टी के लिए बेहतर रही है और पिछला चुनाव बेहद कम अंतर से जीतने वाली भाजपा के लिए इस सीट को बचाए रखने की बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की कोशिश होगी कि वह इस सीट पर अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखे। वहीं सपा अपनी सीट पर कब्जा जमाने की कोशिश में है। कांग्रेस (Congress) ने मध्य विधानसभा सीट से सदफ जफर (Sadaf Jafar) को प्रत्याशी बनाया है।

समाजवादी पार्टी की तरफ से लखनऊ मध्य से पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा को बनाया गया है। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों में आशीष चंद्र श्रीवास्तव, सदफ जफर (Sadaf Jafar), नदीम अशरफ, जायसी तथा सलमान सिद्दीकी शामिल हैं। पिछले विधानसभा चुनाव की बात की जाए तो भाजपा के बृजेश पाठक को 78,400 सपा के रविदास मेहरोत्रा को 73,306 बसपा के राजीव श्रीवास्तव को 24,313 तथा कांग्रेस के अब्दुल मारूफ खान को 12,921 वोट मिले थें। 

भाजपा का गढ़ है सेंट्रल विधानसभा सीट

सेंट्रल विधानसभा सीट को भाजपा का गढ़ कहा जाता है। इस सीट पर बीजेपी का दबदबे का आलम यह रहा है भाजपा अपनी स्थापना के बाद से इस सीट पर सिर्फ तीन बार चुनाव हारी है। इसमें 1980, 1985 और 2012 का चुनाव शामिल है। 1980 में इस सीट से जहां इंदिरा कांग्रेस के मोहम्मद रफी ने जीत दर्ज की थी। तो 1985 में कांग्रेस के नरेश चंद्र और 2012 में सपा के रवदिास मेहरोत्रा जीते थे। इन तीनों ही चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे।

लखनऊ की मध्य विधानसभा सीट की बात की जाए तो 1989 और 1991 के चुनाव में इस सीट से भाजपा के बसंत लाल गुप्ता (Basant Lal Gupta) जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे थें। इसके बाद 1993 के चुनाव में सपा के विनोद बिहारी वर्मा (Binod Bihari Verma) को हराकर भाजपा के राम प्रकाश ने तथा 1996, 2002 और 2007 के चुनाव में भाजपा के सुरेश कुमार श्रीवास्तव (Suresh Kumar Srivastava) ने जीत की हैट्रिक लगाई।

लेकिन भाजपा की 2012 के चुनाव में हार हुई। इस चुनाव में सपा के रविदास मेहरोत्रा (Ravidas Mehrotra) ने भाजपा के विद्या सागर गुप्ता (Vidya Sagar Gupta) को हराया। जबकि पिछले चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर इस सीट पर कब्जा किया और 7वीं जीत दर्ज की।   

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News