UP Election 2022: सात के अंक में ढूंढी जा रही जीत, पढ़ें यूपी चुनाव की ये रिपोर्ट

UP Election 2022: भाजपा के राज्यसभा सांसद संजय सेठ का कहना है कि सातवें नंबर को शुभ माना जाता है। उन्होंने एक तवीत किया है कि - सप्तर्षि नक्षत्र है।

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Vidushi Mishra
Update:2022-01-16 16:59 IST

UP Election 2022

UP Election 2022: यूपी विधानसभा चुनाव के सात चरणों में होने वाले चुनावों में सात की संख्या को जीत की शुभ निशानी के तौर पर देखा जा रहा है। कुछ नेता कह रहे हैं कि सात का शुभ अंक उन्हें जीतने में मदद करेगा। नेता और राजनीतिक दल, सभी 7 के अंक को सप्तर्षि नक्षत्र से लेकर, भारतीय शास्त्रीय संगीत के सात मूल स्वरों और विवाह के सात फेरों तक के तर्क दे रहे हैं और इसी आधार पर इस संख्या को अपने लिए शुभ बता रहे हैं।

भाजपा के राज्यसभा सांसद संजय सेठ का कहना है कि सातवें नंबर को शुभ माना जाता है। उन्होंने एक तवीत किया है कि - सप्तर्षि नक्षत्र है। एक इंद्रधनुष में सात रंग होते हैं, और भारतीय शास्त्रीय संगीत में सात मूल स्वर होते हैं। 2017 के राज्य विधानसभा चुनाव और 2019 के लोकसभा चुनाव सात चरणों में हुए थे, और भाजपा ने व्यापक जीत दर्ज की थी। ये विधानसभा चुनाव भी सात चरणों में भी होगा और इसमें भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतेगी।

भगवा पार्टी की संभावित जीत की एक और वजह बताते हुए यू.पी. भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि चूंकि चुनाव के चरण पश्चिमी से पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहे हैं, भाजपा अपने शानदार प्रदर्शन को दोहराएगी जैसा कि उसने 2017 और 2019 के चुनावों में किया था।

दूसरी और कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने कहा है कि पार्टी चुनाव में आसानी से सात समंदर पार कर जाएगी। उन्होंने कहा - भाजपा नेताओं को सप्ताह के सातों दिन झूठ बोलने की आदत है, और इसलिए वे सूर्य के रथ के सात घोड़ों से कोई सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने की स्थिति में नहीं होंगे।

उन्होंने यह भी दावा किया कि सप्तऋषि इस बार कांग्रेस को आशीर्वाद देने जा रहे हैं। प्रदेश की जनता अब भाजपा के सात रंग के सपने के बहकावे में नहीं आने वाली है। उन्होंने भाजपा को सात समुंदर से आगे फेंकने का मन बना लिया है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि -सात चरणों का विधानसभा चुनाव इस बार समाजवादी पार्टी के लिए भाग्यशाली साबित होगा। सपा अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ सात संगीतमय स्वरों के साथ लोगों को मंत्रमुग्ध करेगी और चुनाव जीतेगी जिसका सातवां और अंतिम चरण 7 मार्च को है।

यूपी चुनाव में सात की महत्ता

7 अंक सभी धर्मों के लिए एक विशेष महत्व रखता है। कुछ पुराणों के अनुसार ब्रह्माण्ड को 14 दुनियाओं में विभाजित किया गया है। इन 14 में से सात ऊपरी दुनिया हैं और सात नीचे की दुनिया। यहां तक कि भारतीय विवाह संस्कार में भी सात वचन और सात फेरे होते हैं।

प्राचीन पौराणिक या धार्मिक विज्ञान में भी ब्रह्मांड में सात स्वर्गों की उपस्थिति का उल्लेख किया गया है। बाइबल में भी अंक 7 को पूर्णता या दोषहीनता का प्रतीक माना गया है। इस्लाम की पवित्र पुस्तक कुरान के साथ-साथ यहूदी धर्म में भी सात आसमानों का उल्लेख किया गया है।

अंक ज्योतिष के अनुसार, 7 अंक सबसे शुभ माना जाता है। इसे सर्वोच्च शक्ति और आध्यात्मिकता का अंक माना जाता है। ज्योतिष में ग्रहों के और सप्ताह के सात दिन के बीच संबंध भी है। सप्ताह के सभी सात दिनों को ग्रहों के अनुसार नाम दिया गया है। ये इस बात को भी दर्शाते हैं कि सप्ताह के सात दिन किसी के जीवन को किस प्रकार प्रभावित करते हैं।

यूपी चुनाव में अंक ज्योतिष

अंक ज्योतिष के अनुसार जिन लोगों का भाग्यांक या जीवन पथ अंक 7 होता है वे अन्य लोगों के मुकाबले अधिक आध्यात्मिक, सहज और मानसिक रूप से मजबूत होते हैं। दूसरों की तुलना में उनके पास एक विशेष प्रकार का प्रभाव और अपने आसपास सकारात्मकता होती है। वे दूसरों के प्रति अधिक संवेदनशील और भावुक होते हैं। उनके पास उच्च दिमाग़ी क्षमता होती हैं।

जिसके कारण वे एक सामान्य व्यक्ति की क्षमता से परे जाकर चीजों की तुलना कर सकते हैं। जैसा की एक सामान्य व्यक्ति अपनी इंद्रियों आँख, नाक, कान जीभ, त्वचा आदि की सहायता से कर पता है। इनमें से कई लोग आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलते हैं, और गैर-भौतिक आयामों के रहस्यों को उजागर करने की दिशा में गहरा झुकाव रखते हैं।

Tags:    

Similar News