UP Election 2022: अवतार सिंह भड़ाना ने जेवर सीट से नामांकन लिया वापस, सपा-रालोद गठबंधन को लगा भारी झटका

UP Election 2022: राष्ट्रीय लोकदल की ओर से गौतम बुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए गए अवतार सिंह भड़ाना ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-01-20 10:19 GMT

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन के बीच सपा-रालोद गठबंधन को करारा झटका लगा है। राष्ट्रीय लोकदल की ओर से गौतम बुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किए गए अवतार सिंह भड़ाना ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। भड़ाना ने अपने वकील के जरिए नामांकन वापस लेने की जानकारी दी है।

उन्होंने कुछ दिनों पूर्व ही भाजपा से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय लोकदल का दामन थामा था। लोकदल में शामिल होते ही पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी की ओर से उन्हें जेवर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया था मगर अब उनके चुनाव मैदान से हट जाने के कारण सपा-रालोद गठबंधन को पहले चरण में करारा झटका लगा है।

भाजपा छोड़ते ही मिला था रालोद का टिकट

सपा-रालोद गठबंधन की ओर से 13 जनवरी को 29 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी। इस सूची में अवतार सिंह भड़ाना का नाम भी शामिल था और उन्हें राष्ट्रीय लोकदल ने जेवर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा था। भड़ाना ने 12 जनवरी को ही भाजपा से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की थी और एक दिन बाद ही वे टिकट पाने में कामयाब रहे थे।

राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होते समय भड़ाना ने इस बार के विधानसभा चुनाव में सपा रालोद गठबंधन के विजयी होने की बात कही थी। उनका कहना था कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह गठबंधन अपनी मजबूती दिखाएगा और पश्चिम से चलने वाली हवा का असर पूरब तक दिखाई पड़ेगा। उनका कहना था कि पश्चिम से पूरब तक सपा-रालोद गठबंधन की हवा बह रही है और चुनावी नतीजे में यह बात पूरी तरह साबित होगी।

चुनाव मैदान से हटने की घोषणा

सपा-रालोद गठबंधन की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अवतार सिंह भड़ाना ने ट्रैक्टर पर सवार होकर पिछले दिनों नामांकन दाखिल किया था मगर अब वे चुनाव मैदान से हट गए हैं। उन्होंने अपने वकील के जरिए चुनाव न लड़ने की जानकारी दी है।

कोरोना से संक्रमित होने के कारण भड़ाना के चुनाव मैदान से हटने की बात कही जा रही है मगर अभी तक असली कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। भड़ाना को दलबदल का माहिर सियासी खिलाड़ी माना जाता रहा है और इसी कारण वे भाजपा छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल का टिकट पाने में कामयाब रहे थे।

भड़ाना का लंबा सियासी सफर

अवतार सिंह भड़ाना का लंबा सियासी सफर रहा है और वे चार बार सांसद बनने में भी कामयाब रहे हैं। हरियाणा के रहने वाले भड़ाना ने कांग्रेस के टिकट पर तीन बार फरीदाबाद संसदीय सीट से चुनाव जीता है। 1999 के चुनाव में वे कांग्रेस के टिकट पर मेरठ से चुनाव जीतने में कामयाब रहे थे।

2017 के विधानसभा चुनाव में वे मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे और इस चुनाव में भी उन्होंने जीत हासिल की थी मगर इस बार के चुनाव में उनका भाजपा से मोहभंग हो गया था। इसी कारण उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल का दामन थामा था। वे राष्ट्रीय लोकदल से टिकट पाने में भी कामयाब रहे हैं मगर अब वह चुनाव मैदान से हट गए हैं।

Jewar Vidhan Sabha SEAT, RLD, Avtar Singh, Bhadana, Avtar Singh BHADANA, Rashtriya Lok Dal, Rashtriya Lok Dal alliance, Gautam Buddha Nagar , Samajwadi Party, RLD candidate , UP POLITICS, LATEST NEWS

Tags:    

Similar News