Ballia News: कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले, कांग्रेस ने अपना सम्मान बढ़ाया, देश का नहीं

Ballia News: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा है कि आजादी के बाद कांग्रेस ने अपना सम्मान बढ़ाया है।

Update: 2023-01-12 17:32 GMT

बलिया: कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले, कांग्रेस ने अपना सम्मान बढ़ाया, देश का नहीं

Ballia News: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा है कि आजादी के बाद कांग्रेस ने अपना सम्मान बढ़ाया है, देश का नही बढ़ाया है। नेहरू से लेकर सोनिया गांधी तक ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय व्यक्तिगत सम्मान बढ़ाया है।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बृहस्पतिवार को बलिया में संवाददाताओं से बात करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी मिलने के बाद से कांग्रेस ने अपना सम्मान ही बढ़ाया है। कांग्रेस ने वंशवाद, परिवारवाद का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है। पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर सोनिया गांधी तक ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय अपना सम्मान बढ़ाया है। कांग्रेस की चर्चा करना बेमानी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर-स्वतंत्र देव सिंह

उन्होंने इसके साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विश्व के पटल पर धमक बढ़ी है। दुनिया में भारत की सभ्यता व संस्कृति को आत्मसात किया जा रहा है। भारत की आवाज को पूरी दुनिया सुन रही है। योग से लेकर आतंकवाद तक पर भारत की आवाज को दुनिया भर में महत्व मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया में लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं।

स्वतंत्र देव सिंह ने जोर देकर कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की पैरोकार है। विपक्षी दल क्षेत्रवाद , वंशवाद व जातिवाद की पैरोकारी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छह वर्ष में किए गए बदलाव के कारण देश के निवेशक तेजी से उत्तर प्रदेश की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में जिले के निवेशक सूबे के विकास में योगदान देने के लिए आगे आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की बयार बह रही है। इस बदलाव के पीछे भाजपा सरकार का विकास का विजन व ईमानदार नेतृत्व है ।

भाजपा व संघ पर हमेशा आक्रमण होता है-स्वतंत्र देव सिंह

उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री के राम चरित मानस, बंच आफ ठाट और मनु स्मृति पर दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि लोग उटपटांग बोलते रहते हैं। कौन क्या बोलता है, इसका कोई मतलब नही है। देश अपने रास्ते पर आगे बढ़ रहा है । दुनिया देश के तप व तपस्या को स्वीकार कर रही है। भारत दुनिया का नेतृत्व करने जा रही है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि भाजपा व संघ पर हमेशा आक्रमण होता है, लेकिन भाजपा ऐसे आक्रमण से बेपरवाह होकर गरीबों के जीवन को खुशहाल करने का कार्य कर रही है। ऐसे लोगों के वक्तव्य पर ध्यान नही देना चाहिए।

इससे पहले जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने युवा दिवस पर सिकंदरपुर के गांधी इंटर कालेज के प्रांगण में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गुलामी की बेड़ियों में जकड़े हुए जनमानस को सही मायनों में निजाद दिलाने का काम एक युवा ने ही किया था। जिसे आगे बढ़ाने का काम आप सभी के कंधों पर है। घर परिवार को छोड़ कर देश सेवा का संकल्प ले आगे बढ़ने वाले स्वामी जी के सपने को साकार करने का काम आज के युवाओं को करना है।

उन्होंने कहा कि भारत भूमि की समृद्ध संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले जाति पात और छुआ-छूत जैसी कुरुतियों को छोड़ना होगा। आज दुनिया के अंदर भारत को विशिष्ट पहचान दिलाने वाले नरेंद्र मोदी उसी नरेंद्र से प्रभावित हैं। आज दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ रहा है। आज का युग कौशल और ज्ञान का युग है। लिहाजा पढ़ाई के साथ आपको हुनर मंद भी बनना होगा। इसके लिए भ्रष्टाचार, क्षेत्रवाद, परिवारवाद, जातिवाद, कौमवाद जैसी सामाजिक बुराइयों को त्याग कर राष्ट्रवादी बनना होगा। राष्ट्रवादी परंपरा में दोहन के बजाय तपस्या, सेवा, स्वच्छता और स्वस्थ राजनीतिक परंपरा को आगे बढ़ाने का काम किया जाता है। जिसे वर्तमान में नरेंद्र मोदी और योगी आदित्य नाथ की सरकार बखूबी करने का काम कर रही है।

विवेकानंद के बताए मार्ग पर चल कर ही देश व समाज का कल्याण

वहीं सूबे के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने युवाओं को प्रेरणा स्रोत विवेकानंद से सीख लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिभा का सम्मान इस बात का प्रमाण है कि आप से देश प्रदेश और समाज की अपेक्षाएं बढ़ गई है। देश के गौरव को बढ़ाने का काम अब आपके कंधों पर है। विवेकानंद के बताए मार्ग पर चल कर ही देश व समाज का कल्याण किया जा सकता है। इस कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में 90 फीसद से अधिक अंक अर्जित करने वाले क्षेत्र के सैकड़ों मेधावियों को सम्मानित किया गया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक संजय यादव, जिला अध्यक्ष जय प्रकाश साहू, भाजपा नेता छट्ठू राम, ब्लॉक प्रमुख केशव चौधरी, प्रबंधक देवेंद्र सिंह, संजय राय, सत्येंद्र राजभर मौजूद रहे । संचालन विद्यासागर उपाध्याय व आभार प्रकट विद्यार्थी परिषद के पूर्व संगठन मंत्री आकाश तिवारी ने किया।

Tags:    

Similar News