Up Nikay Chunav: कुर्सी की चाह ऐसी, आनन-फानन में रचानी पड़ गई शादी, महिला आरक्षित है सीट

Up Nikay Chunav: एक नजारा पीलीभीत जनपद में देखने को मिला जहां कुर्सी की चाह ऐसी थी कि सभासद ने फौरन ही शादी करने का मन बनाया।

Update: 2023-04-23 14:30 GMT

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव शुरू होते ही लोग चुनाव जीतने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाने लगे हैं। ऐसा ही एक नजारा पीलीभीत जनपद में देखने को मिल रहा है। जहां पर 16 नंबर वार्ड से निवर्तमान सभासद मोनू राम अवतार हैं। इस बार यह सीट महिला हो गई। कुर्सी की चाह ऐसी थी कि सभासद ने फौरन ही शादी करने का मन बनाया। ऐलान कर दिया कि वह अपनी नईनवेली पत्नी को सभासदी का चुनाव लड़ाएंगे।

मेंहदी तक नहीं छूटी और वोट मांगने को जुड़ जाएंगे हाथ

इलाके में आनन-फानन में हुई ये शादी लोगों के बीच कौतूहल की वजह बनी नजर आई। शादी करने के लिए जल्दी-जल्दी पांडाल सजाया गया, पकवानों का बनना शुरू हुआ और मेहमानों को निमंत्रित कर लिया गया। बकायदा वैवाहिक समारोह शुरू हुआ। डीजे लगा, जिसपर लोग झूमते और दूल्हा-दुल्हन को बधाई देते नजर आए।

चट मंगनी-पट ब्याह, निराली रही शादी!

जनपद की नगर पालिका परिषद के 16 नंबर वार्ड के निवर्तमान सभासद राम अवतार सिंह मोनू हैं। जो पिछले 5 साल से सभासद थे। इस बार परिसीमन में इनकी सीट महिला के लिए आरक्षित हो गई। मोनू को सभासद रहने का चस्का इतना लग गया कि उन्होंने फौरन ही अपनी शादी करने का मन बना लिया। क्योंकि वह सभासद का पद अपने परिवार से बाहर नहीं जाने देना चाह रहे थे। उन्होंने इस बात को लेकर अपने घर वालों से चर्चा की। घर वाले भी राजकुमारी नाम की लड़की के घर पहुंच गए। लड़की वालों को पूरा माजरा बताया गया। लड़की के घर वाले भी इस बात को राजी हो गए।

आनन-फानन में फौरन मोनू सिंह और राजकुमारी का विवाह तय हो गया। विवाह के बाद राजकुमारी सभासद का पर्चा भरने जाएंगी। इस बात की चर्चा जोरों शोर से हो रही है। कोई बता रहा है कि अब ‘भाभी’ सभासद बनेंगी। तो वहीं निर्वतमान सभासद और दूल्हे मियां मोनू सिंह कह रहे हैं कि अगर पत्नी जीतती हैं तो सभासद का पद उनके घर में ही रहेगा।

Tags:    

Similar News