पंचायत चुनाव: स्वतंत्र देव सिंह बोले- कटाक्ष की राजनीति कर रहा विपक्ष

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बोले, सीएम योगी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है।

Report By :  Uvaish Choudhari
Published By :  Shreya
Update: 2021-04-10 13:44 GMT

यूपी पंचायत चुनाव: BJP अध्यक्ष ने विपक्ष पर साधा निशाना, कही ये बात (फोटो- सोशल मीडिया)

इटावा: प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और मई के आरंभ में नतीजे भी आ जाएंगे। पंचायत चुनाव को पूरी तरह से भगवा करने का ध्येय लेकर आज जनपद इटावा में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानपरिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर का आगमन हुआ।

आगे की रणनीति पर हुई चर्चा

भाजपा इटावा के जिलाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह धाकरे की अध्यक्षता में भाजपा जिला मुख्यालय पर सर्वप्रथम पंचायत चुनाव के निमित्त बनी संचालन समिति के साथ तैयारी बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें अभी तक चुनाव के मद्देनजर किए गए कार्यों की समीक्षा की गयी तथा आगे के रणनीति बनाई गई।

संचालन समिति की बैठक के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष ने जनपद के अंतर्गत आने वाले आठों ब्लॉक प्रभारी एवं ब्लॉक संयोजकों तथा जनपद के अंतर्गत आने वाले 24 वार्डों के प्रभारियों व उनके संयोजकों के साथ अति आवश्यक बैठक में हिस्सा लिया।

विरोधी दलों को कटाक्ष करने से फुर्सत नहीं

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना जैसी विपदा की घड़ी में भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकार देश को भ्रष्टाचार मुक्त व स्‍वस्‍थ भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। इन हालात में भी विरोधी दलों को कटाक्ष करने से फुर्सत नहीं है। जनता उनसे किनारा कर चुकी है। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर पर जीत की नींव रखें।

 (फोटो- सोशल मीडिया)

प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि पूरी मेहनत ईमानदारी के साथ लगकर चुनाव जीतना है। जिसने बूथ जीत लिया उसने चुनाव जीत लिया। बूथ स्तर पर प्रत्याशियों को जिताना है, उसके लिए बूथ समितियों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वार्ड प्रभारी और प्रत्याशी की प्रतिदिन समीक्षा होनी है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राष्ट्र निर्माण करने के लिए बनी है। हमें देश को आत्मनिर्भर भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार मुक्त भारत की ओर अग्रसर हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों को मिला है। इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगी है। कोरोना संकट के समय भी विरोधी दल कटाक्ष की राजनीति कर रहे हैं।

भाजपा का प्रदर्शन करेगा दर्पण का काम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह बोले, पंचायत चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन विपक्षी पार्टियों के लिए दर्पण की तरह काम करेगा। उन्होंने पूतववर्ती सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। अपराधियों की संपत्ति पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर ने कहा कि भाजपा प्रदेश में पहली बार सरकार के कामकाज के आधार पर जनता के बीच पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव पूरी निष्ठा और ईमानदारी से लड़ना चाहती है। राज्य में योगी सरकार के आने के बाद कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हुई है और विकास भी अपनी गति से चल रहा है।

जिलाध्यक्ष ने कहा की केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं उनके आधार पर भाजपा जनपद में अधिक से अधिक पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख एवं प्रधानी की सीटें जीतकर आएगी और इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा का ही होगा और सपा का नामोनिशान मिट जाएगा। बैठक का कुशल संचालन जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने किया।

ये रहे मौजूद

बैठक में मुख्य रूप से इटावा लोकसभा सांसद डॉ रामशंकर कठेरिया, सदर विधायक सरिता भदौरिया, भर्थना विधायक सावित्री कठेरिया, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र से उपाध्यक्ष शिवमहेश दुबे, पंचायत चुनाव जिला संयोजक अन्नू गुप्ता, सह-संयोजक रामकुमार त्रिपाठी, जिला महामंत्री करन सिंह राजपूत, प्रशांत राव चौबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ रमाकांत शर्मा, विमल भदौरिया, मनीष यादव 'पतरे', पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, विवेक भदौरिया, सुबोध तिवारी, दीपक नाथ चौधरी, राहुल राजपूत, रजत चौधरी, चक्रेश जैन, राजकमल यादव, पूजा चौधरी, मुकेश यादव, आई टी प्रमुख शरद तिवारी, कार्यालय प्रभारी रवि पाल, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य सहित समस्त ब्लॉक प्रभारी, ब्लॉक संयोजक, वार्ड प्रभारी वार्ड संयोजक उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News