UP Rain Alert: यूपी में अगले चार दिनों तक झमाझम वर्षा का अलर्ट! Lucknow समेत इन जिलों में आंधी-वज्रपात का खतरा
UP Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक, 16-18 अगस्त तक कई इलाकों में तेज वर्षा हो सकती है, जबकि इस तरह का सिलसिला लगातार 19 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
UP Rain Alert
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में मौसम 16 अगस्त (UP Weather 16 August) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आगामी चार दिनों तक लगातार भारी वर्षा (Rain) का दौर जारी रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ की तरफ से प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा (Heavy to Very Heavy Rainfall) और वज्रपात (Lightning) को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 16-18 अगस्त तक कई इलाकों में तेज वर्षा हो सकती है, जबकि इस तरह का सिलसिला लगातार 19 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में खूब जमकर वर्षा हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 124.6 मिलीमीटर बारिश सीतापुर के भटपुरवाघाट में दर्ज की गई। इसके अलावा गोरखपुर के बर्डघाट में 101.8 मिलीमीटर, सीतापुर के नैमिषारण्य में 85.6 मिलीमीटर, कन्नौज में 81.8 मिलीमीटर, मिर्जापुर तहसील में 77 मिलीमीटर और छिबरामऊ में 72.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
Lucknow सहित कई जिलों में जमकर बरसे बादल
राजधानी लखनऊ (Lucknow Weather) में भी बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी-खासी वर्षा दर्ज की गई। अमौसी केंद्र पर 48.4 मिलीमीटर और केंद्रीय वेधशाला में 36.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। प्रयागराज के मेजा में 41 मिलीमीटर, प्रयागराज पीबीओ में 33.8 मिलीमीटर और कोरांव में 32 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके साथ ही बाराबंकी, बलरामपुर, चित्रकूट, आजमगढ़, गाजीपुर और संतकबीरनगर सहित कई अन्य जिलों में भी तेज बरसात हुई। यानी प्रदेश के अलग-अलग भागों में मानसून (Monsoon) इस वक़्त सक्रिय बना हुआ है और आने वाले दिनों में भी इसका बड़ा प्रभाव देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी UP में भी तेज वर्षा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश (Western Uttar Pradesh) में भी कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई है। यहां सबसे ज्यादा 89.2 मिलीमीटर वर्षा मुरादाबाद के बिलारी में दर्ज की गई। इसके अलावा रामपुर के कस्बा टांडा में 50.9 मिलीमीटर, मुरादाबाद में 34.5 मिलीमीटर, इटावा में 34.2 मिलीमीटर, झांसी में 29.2 मिलीमीटर और संभल के चंदौसी में 24.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों ही हिस्सों में आगामी कुछ दिनों तक बारिश का प्रभाव बना रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
16 और 17 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 16 और 17 अगस्त को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा (Heavy Rain Alert) हो सकती है। वहीं, 18 अगस्त को भी कई इलाकों में भारी वर्षा का दौर जारी रहने की पूरी संभावना है।
जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद, रामपुर, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और श्रावस्ती में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। इसके अलावा सहारनपुर, बिजनौर, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कुशीनगर, अमेठी, कौशांबी, सुल्तानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर में येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है।
भारी वर्षा के बीच मौसम विभाग ने दी 'महा चेतावनी'
लगातार हो रही तेज वर्षा के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जलभराव (Waterlogging) की स्थिति पैदा हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी वर्षा के कारण नदियों और जलाशयों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। निचले इलाकों में पानी भरने के साथ कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी है।
इसके अलावा कई जगहों पर सड़क यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता है और कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) जैसी परिस्थितियां भी बन सकती हैं। लोगों को नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की गई है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है और आगामी चार दिनों तक अच्छी-खासी वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं। वहीं, 16 से 18 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है, जबकि 19 अगस्त तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बरसात का प्रभाव बने रहने की संभावना है।