UP Weather Update: यूपी में भीषण गर्मी ने मचाया हाहाकार! 40°C के पार पहुंचा पारा, आने वाले दिनों में और बढ़ेगी तपिश

UP Weather Update: मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।

Update:2026-04-17 06:00 IST

UP Weather Update (photo: social media)

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम का भयंकर मिजाज दिखना शुरू हो गया है। जहां कुछ दिन पहले तक अच्छी-खासी ठंडक का एहसास हो रहा था, तो अब वहीं अचानक भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। अप्रैल महीने की शुरुआत में जहां ठंडी हवाओं, वर्षा और आंधी ने राहत दी थी, वहीं अब प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।

आज यूपी में मौसम का हाल

आज शुक्रवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर जाने की संभावना जताई जा रही है। इसमें बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी, महोबा और बांदा में गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। वहीं प्रयागराज और वाराणसी में तापमान 41°C तक पहुंच चुका है, जबकि कानपुर और आगरा में भी पारा 40°C के पार रह सकता है। राजधानी लखनऊ में भी तापमान 39°C से ऊपर दर्ज किया जा सकता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दोपहर के वक़्त सबसे ज्यादा मुश्किल

तेजी से बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के वक़्त सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और यदि निकल भी रहे हैं तो सिर ढककर, चश्मा लगाकर और छाता लेकर ही निकल रहे हैं। गर्म हवाओं और तेज धूप ने हालात और भी मुश्किल बना दिए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और अगले 2 से 3 दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान 42°C तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

भीषण गर्मी से बढ़ी कूलर और पंखों की मांग

भीषण गर्मी के कारण बाजारों में कूलर और पंखों की मांग तेजी से बढ़ गई है। विशेषतौर पर मध्यम वर्गीय परिवार एसी के स्थान पर कूलर को प्राथमिकता दे रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक इस बार कूलर के 100 से अधिक मॉडल बाजार में उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत 5,000 रुपये से शुरू होकर कमर्शियल मॉडल्स तक जाती है।

गर्मी से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके

गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों जैसे शिकंजी, जूस और गन्ने के रस का सहारा ले रहे हैं। वहीं विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के वक़्त बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि इस साल गर्मी पिछले साल के मुकाबले अधिक पड़ सकती है और मानसून भी सामान्य से कमजोर रहने की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।

ऐसे ही मौसम से संबंधित लगातार लेटेस्ट अपडेट के लिए Newstrack.com की वेबसाइट विजिट करें। 

Tags:    

Similar News