लखनऊः एक तरफ सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव जब शुक्रवार को ये मान रहे थे कि उनकी पार्टी में दबंगई करने वाले तत्व हैं, उसी रोज उनकी पार्टी की सरकार में खाद्य और रसद आपूर्ति राज्य मंत्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद को संतकबीर नगर की अदालत जेल भेज रही थी। वहीं, राजधानी में ग्राम सभा की करोड़ों रुपए की जमीन पर कब्जा करने के लिए गुंडागर्दी करने वाला पार्टी का नेता भी शुक्रवार को ही गिरफ्तार किया गया। इस नेता को सपा से निकाल दिया गया है।
मंत्री क्यों गए जेल?
-खाद्य और रसद आपूर्ति मंत्री लक्ष्मीकांत पर महिला की पिटाई का आरोप है।
-मंत्री ने इस मामले में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
-हाईकोर्ट ने 15 दिन में संतकबीर नगर के सीजेएम कोर्ट में सरेंडर करने को कहा था।
-शुक्रवार को सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने मंत्री की जमानत अर्जी रद्द कर दी और जेल भेज दिया।
सपा नेता क्यों हुआ गिरफ्तार?
-लखनऊ में सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव गिरफ्तार किया गया।
-विजय बहादुर ने गुरुवार को चिनहट के बाघामऊ में हिस्ट्रीशीटर साथी के साथ महिलाओं-बुजुर्गों को पीटा था।
-उसने महिलाओं के कपड़े भी फाड़ दिए थे, मामला ग्राम समाज की जमीन कब्जा करने का था।
-मारपीट में करीब 35 लोग घायल हुए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर है।