Varanasi News: जिले में शुरू हुआ विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, संचारी रोगों से बचाव के लिए जन जागरूकता जरूरी

Varanasi News: आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री व विधायक नीलकंठ तिवारी ने लोगों को संचारी रोग नियंत्रण के लिए शपथ दिलाने के साथ ही रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

Update: 2023-07-01 14:08 GMT
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को हरी झंडी दिखाते बीजेपी विधायक(Pic: Newstrack)

Varanasi News: जिले में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ शिव प्रसाद गुप्त मण्डलीय चिकित्सालय से किया गया। आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री व विधायक नीलकंठ तिवारी ने लोगों को संचारी रोग नियंत्रण के लिए शपथ दिलाने के साथ ही रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही चोलापुर सीएचसी समेत प्रत्येक ब्लाक स्तर भी जन जागरूकता रैलियां निकाली गईं।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान महज एक अभियान नहीं बल्कि अनुष्ठान है- नीलकंठ

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान महज एक अभियान नहीं बल्कि ऐसा अनुष्ठान है जो प्रदेश सरकार की ओर से लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए किया जा रहा है। लिहाजा अभियान में जन सहभागिता बेहद जरूरी है। साफ-सफाई के प्रति हमारी थोड़ी सी जागरुकता सिर्फ हमें ही नहीं परिवार व समाज को गंभीर बीमारियों से बचा सकती है। डा. तिवारी ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब कालरा, प्लेग, कालाजार जैसी बीमारियों से हर वर्ष काफी संख्या में जन हानि होती थी। जापानी बुखार से भी गोरखपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की मृत्यु हो जाती थी। लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व की देन है कि आज हम ऐसे जानलेवा रोगों पर लगभग नियंत्रण प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा संचारी रोगों को खत्म करने के लिए सभी को जागरूक होना आवश्यक है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि संचारी रोगों के खिलाफ अभियान में एक साथ कई विभागों का आना ही अपने आप में महत्वपूर्ण है। सम्बंधित विभागों के लोग घर-घर जाएंगे। लोगों को इसके खतरे से अवगत कराने के साथ ही बचाव के लिये भी जागरूक करेंगे। इससे जरूर सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि संचारी रोग सिर्फ लापरवाही से होता है। गंदे पानी का सेवन, घर के आसपास जल-जमाव जैसी छोटी-छोटी बातों के प्रति हम सजग हो जाएं तो बड़े खतरे से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी सतर्क रहे। घर के आस-पास गंदे जल का जमाव न होने दें। लोगो को भी इसके प्रति जागरूक करें। संचारी रोग से यदि कोई बीमार होता है तो उसका तत्काल उपचार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से कराएं।

समारोह में मण्डलीय चिकित्सालय के एसआईसी डॉ. एसपी सिंह, जिला महिला चिकित्सालय की एसआईसी डा. मनीषा सिंह ने भी विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक अजय कुमार मिश्र ने किया। समारोह में यूनिसेफ के डा. शाहिद के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।

Tags:    

Similar News