Shooter Killed in Prayagraj: कौन था अतीक अहमद का शूटर उस्मान चौधरी, जिसका करवाया गया था धर्म परिवर्तन

Shooter Killed in Prayagraj: उस्मान अतीक के गैंग का शार्प शूटर था। बताया जाता है कि घटना वाले दिन उस्मान ने ही उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-03-06 07:12 GMT

umesh pal murder (photo: social media )

Shooter Killed in Prayagraj: उमेश पाल हत्याकांड मामले में प्रयागराज पुलिस ने 8 दिनों के भीतर दूसरे आरोपी को एनकाउंटर में ढ़ेर कर दिया है। पुलिस की गोली का शिकार हुए दूसरे आरोपी का नाम विजय उर्फ उस्मान चौधरी है। उस्मान अतीक के गैंग का शार्प शूटर था। बताया जाता है कि घटना वाले दिन उस्मान ने ही उमेश पाल पर पहली गोली चलाई थी। उसका चेहरा भी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया हो था। जिसके बाद पुलिस ने उस पर 50 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था।

प्रयागराज पुलिस को कौंधियारा के लालपुर इलाके में उस्मान के छिपने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी इलाके में उसका घर भी है। एसओजी की टीम तड़के 4-5 बजे के आसपास वहां पहुंच गई थी और इलाके को घेर लिया था। पुलिस से घिरने के बाद उस्मान ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक सिपाही नरेंद्र जख्मी हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी उस्मान घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि उसके सीने में दो गोली लगी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। उस्मान को जख्मी हालत में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे पहले पुलिस ने 27 फरवरी को अरबाज नामक बदमाश को मार एनकाउंटर में मार गिराया था, जो कि अतीक अहमद का ड्राइवर रह चुका था।

शूटर विजय उस्मान कैसे बना ?

उस्मान चौधरी माफिया अतीक अहमद के गैंग का शार्प शूटर था। बताया जाता है कि उसका असली नाम विजय चौधरी था। लेकिन जब उसने अतीक के गैंग D-227 को ज्वाइन किया, तब उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया। उसने इस्लाम धर्म कबूल कर लिया और अतीक के बेटों ने उसका नाम उस्मान रख दिया। विजय के धर्म परिवर्तन कराने की पुष्टि यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने की है।

वाहन चोर से बना शार्प शूटर

विजय चौधरी उर्फ उस्मान कौंधियारा के बमौखर गांव का रहने वाला था। उसके पिता का नाम वीरेंद्र चौधरी है। वह चार भाई में तीसरे नंबर पर था। उस्मान के बारे में बताया जाता है कि वह पहले वाहन चोर हुआ करता था। वाहन चोरी के मामले में प्रयागराज के कीडगंज थाने में उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं।

बाद में विजय प्रयागराज में सक्रिय अतीक के गैंग के संपर्क मं आ गया और फिर शार्प शूटर बन गया। माफिया अतीक से वह इतना प्रभावित हुआ कि उसने उसके कहने पर धर्म परिवर्तन तक कर लिया और विजय से उस्मान बन गया। उसने साल 2020 में अपने ही गांव की एक लड़की को भगाकर उससे शादी की थी। इस समय में वह घुरपूर इलाके में पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था।

जेल में बंद है उस्मान का बड़ा भाई

विजय चौधरी उर्फ उस्मान अपने परिवार में अकेला शख्स नहीं है, जिसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। उस्मान से पहले उसका बड़ा भाई राकेश चौधरी अपराध की राह पकड़ चुका था। उसकी गिनती इलाके के कुख्य़ात वाहन चोरों में होती है। बताया जाता है कि उस्मान अतीक के गैंग में शामिल होने से पहले अपने भाई के साथ ही वाहन चोरी के अपराध को अंजाम दिया करता था। हिस्ट्रीशीटर राकेश फिलहाल नैनी सेंट्रल जेल में बंद है। उस पर 12 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

7 शूटर्स में से दो ढ़ेर 5 की तलाश

उमेश पाल हत्याकांड में शामिल 7 शूटर्स में से दो को प्रयागराज पुलिस अब तक निपटा चुकी है। अब पुलिस को 5 अन्य शूटर्स की तलाश है, जिसमें माफिया अतीक अहमद का तीसरा बेटा असद अहमद भी शामिल है। पुलिस असद को प्रयागराज शूटआउट का मुख्य आरोपी मान रही है। कानून का पढ़ाई कर रहे असद पर इससे पहले कोई आपराधिक केस दर्ज नहीं है। पुलिस को जिन पांच और शूटरों की तलाश है, उनमें असद अहमद के अलावा बमबाज गुड्डू मुस्लिम, साबिर, गुलाम और अरमान शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को इन सभी पर इनामी राशि बढ़ाकर ढ़ाई-ढ़ाई लाख रूपया कर दिया था।

Tags:    

Similar News