UP Weather Today: यूपी में बर्फीली हवाओं का कहर, अन्य राज्यों में भी भीषण ठंड से ठिठुर रहे लोग

UP Weather Today Update: राज्यों के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों तक इन राज्यों में भीषण ठंड की स्थिति बनी रहेगी।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2023-01-07 09:32 IST

UP Weather Today (Newstrack)

UP Weather Today Update 7 January 2023: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के डबल अटैक ने लोगों को बेहाल कर रखा है। उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं का कहर दिख रहा है। उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड में भी हाड़ क॔पाने वाली ठंड पड़ रही है। राज्यों के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों तक इन राज्यों में भीषण ठंड की स्थिति बनी रहेगी।

ठंड का आलम यह है कि दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस और यूपी के कानपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में पहाड़ी इलाकों के शहरों से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इन राज्यों में घने कोहरे की स्थिति भी दिखेगी। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनेगा।

UP Weather Today (Newstrack )

यूपी में कड़ाके की ठंड से बुरा हाल

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कानपुर का ठंड से बुरा हाल है और गुरुवार की रात यहां न्यूनतम पारा 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। पिछले 24 घंटे के दौरान कानपुर में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से 25 लोगों की मौत हो गई। पिछले चार दिनों के दौरान 65 लोग मौत के शिकार हो चुके हैं। प्रदेश में जालौन सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अयोध्या में न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि वाराणसी में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम के जानकारों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण 9 से 13 जनवरी तक तराई क्षेत्रों में ठंड और बढ़ेगी। ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में घना कोहरा लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। घने कोहरे के कारण आवागमन भी काफी हद तक प्रभावित हुआ है। सड़क, रेल और हवाई यातायात तीनों घने कोहरे से प्रभावित हुआ है।

UP Weather Today (Newstrack )

राजधानी दिल्ली में हाड़ कंपाने वाली ठंड

राजधानी दिल्ली के लोग हाड़ कंपाने वाली ठंड की ठिठुरन से परेशान हैं। शुक्रवार को दिल्ली में शीतलहर का जबर्दस्त प्रकोप दिखा। दिल्ली की ठंड को इसी से समझा जा सकता है कि राजधानी के आयानगर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में ठंड का आलम यह है कि राजधानी में नैनीताल, शिमला, मसूरी, देहरादून और धर्मशाला से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। कोहरे और धुंध के कारण ट्रेनों और उड़ानों पर भी काफी असर पड़ा।

राजधानी दिल्ली के साथ पंजाब और हरियाणा भी कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में हैं। हरियाणा के नारनौल में कड़ाके की ठंड के कारण न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में बलाचौर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में भी भीषण ठंड पड़ रही है और यहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

UP Weather Today (Newstrack )

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की आशंका

जम्मू-कश्मीर इन दिनों कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक राज्य के लोगों को पश्चिमी विक्षोभ से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में जम्मू कश्मीर में हिमपात से लोगों की मुश्किलें और बढ़ेंगी।

राजस्थान में शीतलहर और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और चुरू में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

इन इलाकों में छाएगा घना कोहरा

स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, बिहार, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गंगा के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा और कुछ स्थानों पर बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। उत्तर व पूर्वी राजस्थान और मध्यप्रदेश के ऊपरी भागों में मध्यम कोहरा संभव है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति संभव है। शीतलहर की यह स्थिति आगे जारी रहने की संभावना है।

जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और हिमपात होने की आशंका है। 8 जनवरी से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी हिमपात होने की आशंका है। तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है।

Tags:    

Similar News