Agra News: पुलिस ने नहीं लिखी छेड़खानी की शिकायत, आत्महत्या के बाद मचा हडकंप

Agra News: महिला की आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर गुस्साए लोगों को बमुश्किल शांत कराया।

Report :  Rahul Singh
Update: 2022-12-23 08:29 GMT

Women Committed Suicide (Image: Newstrack) 

Agra News: छेड़खानी से परेशान महिला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी है। आरोप है कि महिला की फरियाद पर दारोगा ने नहीं की थी सुनवाई। लापरवाही सामने आने पर अधिकारियों ने दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। खंदौली थाना क्षेत्र का मामला है। ग्रामीणों ने दरोगा अर्जुन सिंह पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर गुस्साए लोगों को बमुश्किल शांत कराया।

उत्तर प्रदेश के आगरा में छेड़खानी से परेशान विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी । विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। विवाहिता की मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जिस पर पुलिस अधिकारियों ने दरोगा अर्जुन सिंह को लाइन हाजिर कर मामले को शांत कर दिया है।

बताया जा रहा है कि 22 वर्षीय विवाहिता का पति गुजरात में काम करता है। महिला अपने बच्चों और बुजुर्ग ससुर के साथ गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को महिला घर का सामान लेने जा रही थी। तभी गांव के रहने वाले संदीप जाटव ने रास्ते में उससे खींचतान की। अश्लील हरकतें कीं। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग खड़ा हुआ। घर लौट कर महिला ने आपबीती अपने ससुर को सुनाई। महिला अपने ससुर के साथ थाने पहुंची थाने पर मौजूद दरोगा अर्जुन सिंह से संदीप जाटव की शिकायत की।

दरोगा ने मामले को हल्के में लिया

आरोप है कि शिकायत सुनने के बाद भी दरोगा ने मामले को हल्के में लिया और कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को भी महिला शिकायत लेकर थाने पहुंची लेकिन दरोगा अर्जुन सिंह ने उन्हें टरका कर वापस लौटा दिया। इधर आरोपी महिला पर लगातार समझौता करने का दबाव बना रहा था। ऐसे में महिला को जब कोई रास्ता नहीं सूझा तो उसने फांसी पर लटक कर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस अधिकारी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं। विवाहिता की मौत के बाद आरोपी संदीप जाटव मौके से फरार है।

Tags:    

Similar News