UP News: योगी सरकार की बड़ी पहल, 11 दिनों में 89.35% बिजली शिकायतों का निस्तारण
UP News: उत्तर प्रदेश में विशेष विद्युत उपभोक्ता शिविरों के जरिए 11 दिनों में 89.35% शिकायतों का निस्तारण हुआ। 5,065 शिविरों में 50,995 उपभोक्ताओं ने दर्ज कराईं समस्याएं।
UP News (Image Credit-Social Media)
लखनऊ, 12 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की पहल से बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। प्रदेशभर में आयोजित विशेष विद्युत उपभोक्ता शिविरों में महज 11 दिनों में 89.35 प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया गया है। 1 से 31 अगस्त 2026 तक चल रहे इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं की बिजली बिल, मीटर, टैरिफ, मोबाइल नंबर अपडेट और ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है।
11 दिनों में 42,672 शिकायतों का समाधान
प्रदेश के विभिन्न विद्युत वितरण निगमों में 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक खंड और उपखंड स्तर पर विशेष विद्युत उपभोक्ता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 1 से 11 अगस्त के बीच 5,065 शिविरों में 50,995 उपभोक्ता पहुंचे और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
इस दौरान कुल 47,757 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 42,672 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। इस तरह कुल प्राप्त शिकायतों में 89.35 प्रतिशत मामलों का समाधान हुआ है। सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए विद्युत कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और स्थानीय स्तर पर ही समाधान उपलब्ध कराना है।
बिल संशोधन के मामलों में भी हुई जांच
उपभोक्ता शिविरों में बिजली बिल संशोधन से संबंधित मामलों की भी जांच की जा रही है। स्मार्ट और नॉन-स्मार्ट मीटर से जुड़े बिल संशोधन के मामलों में कुल 34.37 प्रतिशत प्रकरणों में बिल नियमानुसार सही पाए गए, इसलिए उनमें संशोधन की आवश्यकता नहीं थी।
स्मार्ट मीटर से जुड़े 7,334 आवेदनों में से 3,320 मामलों में बिल सही पाए गए, जबकि 3,348 मामलों में नियमानुसार बिल संशोधित किए गए। वहीं नॉन-स्मार्ट मीटर से संबंधित 15,451 आवेदनों में 4,511 मामलों में संशोधन की जरूरत नहीं मिली, जबकि 9,761 मामलों में बिल संशोधित किए गए।
खराब मीटर बदलने और टैरिफ परिवर्तन में तेजी
शिविरों के माध्यम से खराब मीटर बदलने की प्रक्रिया में भी तेजी आई है। मीटर बदलने से संबंधित 4,745 मामलों में से 3,089 मीटर बदले जा चुके हैं।
इसी तरह टैरिफ परिवर्तन के 2,099 आवेदनों में से 1,870 मामलों में श्रेणी परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मोबाइल नंबर और ई-मेल अपडेट से जुड़े 12,537 अनुरोधों में से 11,931 का निस्तारण किया गया।
मोबाइल ऐप की 93.22 प्रतिशत शिकायतों का समाधान
मोबाइल ऐप से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में भी विभाग ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल 5,194 शिकायतों में से 4,842 मामलों का समाधान किया गया है। यह कुल शिकायतों का 93.22 प्रतिशत है।
स्थानीय स्तर पर समाधान पर जोर
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने पर जोर दे रहा है। विशेष शिविरों में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ लंबित मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है।
विद्युत उपभोक्ता शिविरों के अलावा उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912, चैटबॉट और ऑनलाइन माध्यमों से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। विभाग का लक्ष्य बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।