Zila Panchayat Election UP 2021: रालोद प्रत्याशी का नामांकन वापस लेने पहुंची अज्ञात महिला, जमकर हुआ हंगामा

Zila Panchayat Election UP 2021: रालोद और सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद उम्मीदवार ममता जयकिशोर के नामांकन पत्र वापसी की खबर से सनसनी फैल गयी।

Report :  Paras Jain
Published By :  Dharmendra Singh
Update: 2021-06-29 16:22 GMT
हंगामा करते रालोद कार्यकर्ता (फोटो: सोशल मीडिया)

Zila Panchayat Election UP 2021: जिला पंचायत चुनाव को लेकर बागपत जिले में एक नया मोड़ सामने आया है। यहां रालोद और सपा से जिला पंचायत अध्यक्ष पद उम्मीदवार ममता जयकिशोर के नामांकन पत्र वापसी की खबर से सनसनी फैल गयी। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में नामांकन वापसी के आखिरी दिन बागपत में बवाल मचा गया।

दरअसल बागपत के वार्ड 14 से जिला पंचायत सदस्य और रालोद उम्मीदवार ममता जयकिशोर ने जिला पंचायत अध्यक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया था। मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे कलक्ट्रेट में एक महिला ममता किशोर बनकर पहुंची और अधिकारियों से अपना पर्चा वापस लेने के लिए एफिडेविट जमा किया, लेकिन इस बात की भनक ममता जयकिशोर व रालोद कार्यकर्ताओं को लग गई और हंगामा मच गया। इसके बाद एक प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया कि वह ममता जयकिशोर नहीं है जिसके बाद पूरे प्रकरण की जांच की गई और उस महिला की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

जिलाधिकारी बागपत राजकमल यादव ने ममता जयकिशोर से फोन पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये वार्ता की। इसके बाद उनको जानकारी हुई कि हस्ताक्षर कर एफिडेविट देकर जाने वाली महिला फर्जी है। इसके बाद जिलाधिकारी ने कहा कि ममता जयकिशोर का फॉर्म / पर्चा निरस्त नहीं किया गया है और पर्चा वापसी का एफिडेविट दाखिल करने वाली महिला का पत्र भी स्वीकार नहीं किया गया है।

डीएम बागपत ने जो महिला कलक्ट्रेट में पर्चा वापसी लेने आई थी उस आरोपी महिला के खिलाफ जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दे दिए हैं। अब भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष उम्मीदवार बबली देवी व सपा-रालोद से उम्मीदवार ममता किशोर के बीच मुकाबला रहेगा।

वहीं रालोद व सपा के सैकड़ों कार्यकर्ता कलक्ट्रेट बागपत पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। कार्यकर्ताओ को कलक्ट्रेट परिसर में अंदर दाखिल न किये जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने गेट के ऊपर चढ़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास भी किया जिसके बाद कार्यकर्ताओ और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कलक्ट्रेट के बाहर हंगामा होता देख जिला प्रशासन ने भारी पुलिस को बुलाकर तैनात कर दिया। रालोद कार्यकर्ता हंगामा करते रहे।

ममता जयकिशोर के पति जयकिशोर का कहना था कि वह बागपत से लगभग 400 किमी दूर राजस्थान में हैं। यदि उनका पर्चा जबरन उठाया जाता है तो वे अपने बच्चों सहित आत्मदाह कर लेंगे और उक्त प्रकरण की निर्वाचन आयोग से शिकायत भी करेंगे। अब बड़ा सवाल यह है कि जब ममता जयकिशोर राजस्थान में है तो पर्चा वापस लेने कौन महिला कलक्ट्रेट में पहुंची थी और यदि उसकी आइडेंटिटी हो भी जाती है तो उसके विरुद्ध क्या कानूनी कार्यवाही की जाएगी।




Tags:    

Similar News