Kanpur Dehat News: मां-बेटी के जिंदा जलने का मामला, पीड़ित परिवार के भाई और पिता पर दर्ज हुआ मुकदमा

Kanpur Dehat News: मड़ौली कांड में लेखपाल की पत्नी ने दर्ज करवाया मुकदमा।

Update: 2023-07-31 09:22 GMT

Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में मड़ौली कांड में जलकर हुईं मां-बेटी की मौत के मामले में अब जेल गए लेखपाल की पत्नी ने पिता कृष्ण कुमार दीक्षित और उनके दो बेटों सहित एक व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज करवाया है। यह मुकदमा कोर्ट के आदेश पर थाने में दर्ज किया गया है।

पांच महीने पहले घटना से दहल गया था प्रदेश

दरअसल, पांच महीने पहले रूरा थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में 13 फ़रवरी 2023 को अतिक्रमण हटाने गई मैथा तहसील प्रशासन की टीम जब अतिक्रम हटाने पहुंची थी, तभी एक बड़ी घटना हो गई। उसी दौरान मड़ौली गांव के कृष्ण कुमार दीक्षित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहीं अतिक्रमण की जगह मौजूद थे। जहां खेतों में एक झोपड़ी रखी हुईं थी। उसी दौरान झोपड़ी में अचानक आग लगने पर चीख पुकार मच गई। झोपड़ी के अंदर मौजूद कृष्ण कुमार दीक्षित की पत्नी प्रमिला दीक्षित और बेटी नेहा दीक्षित की जलकर मौत हो गई थी।

गांव के विरोधियों के इशारे पर अतिक्रमण टीम के काम करने का आरोप

आरोप था कि कृष्ण कुमार दीक्षित उस झोपड़ी वाली जमीन पर कब्ज़ा किए हुए थे। जिसे हटाने तहसील प्रशासन पूरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचा था। लेकिन कृष्ण कुमार दीक्षित का कहना था कि वो और उनके पिता, बाबा कई सालों से उसी जमीन पर रहते चले आ रहे थे। गांव के कुछ विरोधी लोग अधिकारियों से मिलीभगत कर उन्हें वहां से हटवाना चाहते थे। झोपड़ी में लगी आग को बुझाने और पत्नी-बेटी को बचाने के चक्कर में कृष्ण कुमार दीक्षित भी गंभीर रूप से झुलस गए थे। जिनको जिला प्रशासन ने कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती करवाया था।

मामले में जेसीबी चालक और लेखपाल भेजे गए थे जेल

कृष्ण कुमार दीक्षित और उनके बेटे शिवम, अंश दीक्षित लागातार न्याय की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद शासन के आदेश तुरंत ही जेसीबी चालक दीपक कुमार और लेखपाल अशोक सिंह चौहान को जेल भेज दिया गया था। इस मामले में तत्कालीन अधिकारी मैथा, लेखपाल समेत 39 लोगों के खिलाफ 302, 307 समेत 6 धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की शासन द्वारा गठित उच्चाधिकारियों की दो सदस्यीय टीम ने भी मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को भेजी थी।

अब घटना के 5 महीने बाद जेल भेजे गए तत्कालीन लेखपाल अशोक सिंह की पत्नी सीमा सिंह ने कृष्ण कुमार दीक्षित और उनके दोनों बेटे शिवम दीक्षित, अंश दीक्षित समेत गांव के एक व्यक्ति बनवारी के खिलाफ रूरा थाने में 353, 394, 427 में मुकदमा दर्ज़ करवाया है। यह मुकदमा कोर्ट के आदेश पर दर्ज़ किया गया है। हालांकि, लेखपाल फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं।

Tags:    

Similar News