Phoolan Devi Video Story: डकैत श्रीराम और लाला राम की रंजिश में हुआ बेहमई कांड, फूलन देवी को गांव वालों पर था मुखबिरी का शक

Phoolan Devi Video Story: फूलन देवी की जिंदगी पर आधारित फिल्म "बैंडिट क्वीन" का निर्देशन शेखर कपूर ने किया, जो काफी हिट रही।

Report :  Yogesh Mishra
Update:2024-05-30 16:14 IST

Phoolan Devi Video Story: फूलन देवी एक बार फिर सुर्ख़ियों में हैं। बेहमई कांड पर 43 साल बाद अदालत का फैसला आया है। इस कांड में 36 आरोपी थे, जिनमें से 33 की मौत हो चुकी है। एक अभी तक फरार है, जबकि दो आरोपी ज़मानत पर हैं। एंटी डकैती कोर्ट ने एक को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है और एक को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है।

14 फरवरी 1981 को कानपुर देहात के बेहमई गांव में फूलन देवी ने अपने गिरोह के साथ 22 लोगों की हत्या कर दी थी। फूलन का मानना था कि गांव के लोग श्रीराम गिरोह को संरक्षण और मुखबिरी करते थे। डकैत श्रीराम और लाला राम ने फूलन के साथी विक्रम मल्लाह की हत्या और फूलन के अपहरण के बाद उसे अपमानित किया था, जिससे बदला लेने के लिए फूलन ने अपना गिरोह बनाया और बेहमई नरसंहार को अंजाम दिया।

फूलन देवी का जीवन संघर्षों से भरा रहा। ग्यारह साल की उम्र में विवाह, जेल की सजा, अपहरण और बलात्कार के बाद फूलन देवी ने डकैत बनने का फैसला किया। 1983 में उन्होंने आत्मसमर्पण किया और 11 साल जेल में बिताए। बाद में फूलन देवी ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर मिर्जापुर से चुनाव लड़ा और सांसद बनीं।

फूलन देवी की जिंदगी पर आधारित फिल्म "बैंडिट क्वीन" का निर्देशन शेखर कपूर ने किया, जो काफी हिट रही। सीमा विश्वास ने फूलन देवी का किरदार निभाया और फिल्म को कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। हालांकि, फूलन देवी इस फिल्म के रिलीज के खिलाफ थीं। 2001 में दिल्ली में उनके घर के बाहर उनकी हत्या कर दी गई।

Tags:    

Similar News