Raebareli News: अवैध निर्माण पर चला तहसील प्रशासन का चाबुक
Raebareli News: मामला सदर तहसील में आने वाले सतांव ब्लॉक का है। यहाँ रजवापुर गांव में तालाब की ज़मीन पर वहीं के रहने वाले लोगों ने कब्ज़ा कर उसका बंदरबाट कर लिया था।;
Raebareli News (Image From Social Media)
Raebareli News: रायबरेली में एक बार फिर अवैध कब्ज़ेदारों पर बुलडोज़र ऐक्शन हुआ है। यहाँ दस बीघे की तालाब में दर्ज आराज़ी पर अवैध रूप से कब्ज़ा कर कराये गए पक्के निर्माण को जमींदोज़ कर दिया गया है। मामला सदर तहसील में आने वाले सतांव ब्लॉक का है। यहाँ रजवापुर गांव में तालाब की ज़मीन पर वहीं के रहने वाले लोगों ने कब्ज़ा कर उसका बंदरबाट कर लिया था। बाद में जब इसकी जांच हुई तो यह आराज़ी तालाब में दर्ज पाई गई। एसडीएम सदर प्रफुल्ल शर्मा ने मामले का संज्ञान लेते हुए यहां अवैध कब्ज़ा कर बनाये गए अलग अलग लोगों के पक्के निर्माण पर बुलडोज़र चलवा दिया। यह पूरी आराज़ी लगभग दस बीघे की बताई जा रही है।
वही बात की जाए तो अवैध निर्माण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर सदर तहसील प्रशासन ने तालाब की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को गिरवा दिया है। यह कार्रवाई जीरो टॉलरेंस नीति को बरकरार रखने के लिए की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सदर तहसील के ब्लॉक सतांव के ग्राम रजवापुर मजरे बरदर में कुछ भूमाफियाओं ने अवैध रूप से तालाब की जमीन पर कब्जा करके पक्का निर्माण कर लिया था। इस मामले में जिलाधिकारी से शिकायत की गई थी, जिसके बाद उप जिला अधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई।
सदर तहसील के लेखपाल अमित सिंह और राजस्व निरीक्षक सुनील श्रीवास्तव ने थाने की पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को गिरवा दिया है और विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।