Avatar Khanda Death: लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले के मास्टरमाइंड की मौत, अमृतपाल का खास था अवतार खांडा

Avatar Khanda Death: भारतीय उच्चायोग पर हुए हमले का मास्टरमाइंड की गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई। बर्मिंघम सिटी के अस्पताल में उसे कई दिनों तक लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था।

Update: 2023-06-15 08:26 GMT
Avatar Khanda and Amritpal(Image: Social Media)

Avatar Khanda Death: लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले के मास्टरमाइंड अवतार सिंह खांडा की मौत हो गई है। अवतार खांडा को खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह का खास माना जाता रहा है। तबीयत खराब होने के बाद उसे बर्मिंघम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक अवतार सिंह खांडा को ब्लड कैंसर हो गया था। हालांकि अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट्स में अभी इस बात की पुष्टि नहीं की गई है।
गत मार्च महीने के दौरान लंदन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तान समर्थकों की ओर से हिंसक प्रदर्शन किया गया था। अवतार सिंह खांडा भारतीय उच्चायोग पर हुए हमले का मास्टरमाइंड था। वारिस पंजाब दे नामक संगठन बनाने वाले दीप सिद्धू से भी खांडा के करीबी रिश्ते थे।

खांडा समर्थकों ने बनाया दबाव

सूत्रों के मुताबिक अवतार सिंह खांडा को गंभीर बीमारी हो गई थी। इसी कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बर्मिंघम सिटी के अस्पताल में उसे कई दिनों तक लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। हालांकि उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई। जानकारों के मुताबिक उसे ब्लड कैंसर हो गया था।

खांडा की मौत के बाद उसके समर्थकों की ओर से इस बात का दबाव डाला गया कि मेडिकल रिपोर्ट में यह लिखा जाए कि उसकी मौत जहर देने की वजह से हुई है। ऐसा होने पर खांडा को शहीद घोषित करने में मदद मिलेगी। साथ ही भारतीय सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की कोशिश भी की जाएगी। अस्पताल की ओर से अभी खांडा की मौत के संबंध में मेडिकल रिपोर्ट जारी नहीं की गई है।

अमृतपाल का करीबी था खांडा

अवतार सिंह खांडा को रणबीर सिंह के नाम से भी जाना जाता रहा है और उसके पिता भी खालिस्तानी आतंकी थे जिन्हें सुरक्षाबलों ने 1991 में मार गिराया था। खांडा की मां के भी खालिस्तानी आतंकी गुरुजंत सिंह बुधसिंहवाला से रिश्ते बताए जाते हैं।

खांडा ने कई बार ब्रिटेन में खुद को राजनीतिक शरणार्थी का दर्जा देने की मांग की थी। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह से भी खांडा के नजदीकी रिश्ते थे और उसे अमृतपाल का करीबी माना जाता रहा है। अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया था और इन दिनों वह गुवाहाटी की जेल में बंद है।

भारतीय उच्चायोग पर हमले का मास्टरमाइंड

पिछले मार्च महीने के दौरान खांडा ने लंदन में भारतीय उच्चायोग पर खालिस्तान समर्थकों के हिंसक प्रदर्शन की अगुवाई की थी। इस हमले के दौरान उपद्रवी भीड़ ने भारत का झंडा भी उच्चायोग से उतार दिया था और उसकी जगह खालिस्तान का झंडा लगाने की कोशिश की थी। हालांकि भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों की सख्ती और विरोध के कारण खालिस्तान समर्थक अपनी इस मुहिम में कामयाब नहीं हो सके थे।

एनआईए ने भी इस बाबत जांच पड़ताल की थी और खांडा समेत चार खालिस्तान समर्थकों को लंदन में भारतीय उच्चायोग पर हमले का आरोपी पाया था। एनआईए ने अपनी जांच पड़ताल के बाद कहा था कि इन लोगों ने ही भारतीय उच्चायोग से तिरंगा उतार कर खालिस्तानी झंडा फहराने की कोशिश की थी।

अन्य खालिस्तान समर्थकों की तरह खांडा भी स्टूडेंट वीजा पर ब्रिटेन गया था और बाद में कुछ गुरुद्वारों के जरिए वह अलगाववादी गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। इन गुरुद्वारों का संचालन खालिस्तान समर्थकों की ओर से किया जाता रहा है और इनके जरिए अलगाववादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने की कोशिश भी की जाती रही है। खांडा भी इन गुरुद्वारों के जरिए अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

Tags:    

Similar News