Bdelloid Rotifer: बर्फ में दबा मिला 24 हजार साल पुराना जीवित कीड़ा

Bdelloid Rotifer: बेहद ठंडे तापमान में जमीन के नीचे 24 हजार साल तक जमा रहा एक अनोखा सूक्ष्म जीव पाया गया है।

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Dharmendra Singh
Update: 2021-06-12 14:15 GMT

रोटिफर (फाइल फोटो: सोशल मीडिया) 

Bdelloid Rotifer: बेहद ठंडे तापमान में जमीन के नीचे 24 हजार साल तक जमा रहा एक अनोखा सूक्ष्म जीव पाया गया है। शोधकर्ताओं ने इस जीव को जब प्रयोगशाला में रखा तो न सिर्फ ये जीवित हो गया बल्कि इसने प्रजनन भी कर दिया। ये जीव रोटिफर नामक समूह का है। ये पहली बार है कि रोटिफर को ऐसे एक्सट्रीम तापमान में जीवित पाया गया है।

बैक्टीरिया जैसे सामान्य जीव तो 100 साल तक पर्माफ्रॉस्ट यानी सतह के नीचे स्थाई बर्फ में जीवित रह सकते हैं लेकिन रोटिफर ऐसा प्राणी है जिसके नर्वस सिस्टम, मस्तिष्क और अन्य अवयव होते हैं। इसका ऐसे तापमान में लम्बे समय तक जिंदा रह पाना बेहद हैरानी वाली वाली बात है। पर्माफ्रॉस्ट रूस में पाए जाते हैं जिनमें सतह के नीचे लाखों साल से स्थाई बर्फ जमी हुई है।

पहली बार ऐसा पाया गया

निमेटोड प्रकार कीड़े पर्माफ्रॉस्ट में 30 हजार साल तक दबे रहने के बाद जीवित हुए हैं लेकिन रोटिफर प्राणी के बारे में ऐसा पहली बार पाया गया है। रूस के पुष्चिनो साइंटिफिक सेंटर फॉर बियोलॉजिकल रिसर्च के स्टास मालाविन और उनकी टीम ने 2015 में उत्तर पूर्वी साइबेरिया में अलाज़या के पास पर्माफ्रॉस्ट में ड्रिलिंग की थी जिसमें उनको एक रोटिफर मिला था। ये एक मिलीमीटर से भी छोटा कीड़े जैसा है।

रोटिफर (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)


इस माइक्रोस्कोपिक जीव को शोधकर्ताओं ने जब प्रयोगशाला में रखा। इसे गर्मी और पोषण और दिया गया तो न केवल ये सक्रिय हो गया बल्कि इसने तुरंत प्रजनन भी किया। वैज्ञानिकों के अनुसार ये ऐसा प्राणी है जो बगैर सेक्सुअल पार्टनर के अपने आप को क्लोन कर सकता है।

नई जानकारियां मिलेंगी

शोधकर्ताओं ने रोटिफर के साथ मिले जैविक पदार्थों का विश्लेषण किया तो पता चला कि ये 23960 से 24485 साल पुराने हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि विज्ञान के लिए ये जीव एक नया नमूना है जिस पर शोध करके बहुत से जानकारियां हासिल की जा सकती हैं।


Tags:    

Similar News